
नई दिल्ली, 26 अप्रैल (हि.स.)। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले में इसी साल मार्च में हुए बम विस्फोट मामले में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इस विस्फोट में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हुए थे।
एनआईए के अनुसार, गिरफ्तार आरोपित की पहचान आहिदुल इस्लाम मुल्ला के रूप में हुई है, जो बिजॉयगंज बाजार क्षेत्र का निवासी है। एजेंसी ने उसकी भूमिका की विस्तृत जांच के बाद उसे गिरफ्तार किया। इस मामले में एक अन्य आरोपित को पहले ही राज्य पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है।
एजेंसी ने बताया कि जांच में सामने आया है कि आहिदुल इस्लाम मुल्ला इस साजिश का सह-आरोपित था। वह बम बनाने और सबूतों को नष्ट करने की साजिश में शामिल था। साजिश के तहत बम तैयार किए जा रहे थे, तभी विस्फोट हो गया, जिसमें एक आरोपित की मौके पर ही मौत हो गई।
यह घटना दक्षिण बमुनिया गांव में हुई थी, जिसने क्षेत्र में सनसनी फैला दी थी। एनआईए ने मामले को अपने हाथ में लेकर विस्तृत जांच शुरू की थी।
एजेंसी ने बताया कि इस मामले (आरसी-09/2026/एनआईए/डीएलआई) में आगे की जांच जारी है और अन्य आरोपितों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर