फोटो पत्रकार रघु राय के निधन, मंत्री नेताओं ने जताया शोक

26 Apr 2026 18:15:53
पद्मश्री रघु राय (फाइल फोटो)


नई दिल्ली, 26 अप्रैल (हि.स.)। फोटो पत्रकार एवं पद्मश्री से सम्रमानित रघु राय का रविवार को निधन हो गया। वह दो वर्षों से कैंसर से पीड़ित थे। उनकेेेेे निधन पर जानी मानी हस्तियों ने शोक प्रगट किया है। वे 83 साल के थे।

कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि उनकी नजर आम जीवन में भी असाधारण अर्थ खोज लेती थी। उन्होंने अपने कैमरे और तस्वीरों के माध्यम से ऐसी अनगिनत कहानियाँ कहीं, जो आज भी हमारी स्मृतियों में हैं। उनकी तस्वीरों ने भोपाल गैस त्रासदी की भयावहता से हमें झकझोरा। ईश्वर उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान दें।

केंद्रीय संस्कृति एवम पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि उन्होंने फोटोग्राफी की विधा में संवेदना की अनिवार्यता को परिभाषित किया। विश्व को भोपाल गैस त्रासदी के अथाह दर्द से उनके फोटोग्राफ्स ने बिना शब्दों के अवगत कराया। ईश्वर रघु जी की आत्मा को अपनी शरण प्रदान करें।

पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि उन्होंने अपने हृदय और लेंस के माध्यम से भारत की आत्मा को कैद किया और रोजमर्रा के क्षणों को अनमोल रूप से संजोकर फोटोग्राफी के लिए एक नया मानक स्थापित किया। रघु राय के निधन से फोटोग्राफी ने अपने सबसे उत्साही और प्रेरणादायक कलाकार, गुरु और शिष्य को खो दिया है। मैं उन्हें एक अच्छे मित्र और असाधारण उदारता के धनी व्यक्ति के रूप में याद रखूंगा।

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि भारत के अग्रणी फोटोग्राफरों में से एक और पांच दशकों से अधिक समय तक एक प्रखर फोटो पत्रकार रहे रघु राय के निधन से मैं अत्यंत व्यथित हूं। रघु राय का बांग्लादेश मुक्ति युद्ध का सशक्त कवरेज और इंदिरा गांधी जैसी प्रतिष्ठित हस्तियों की कई तस्वीरें हमारी सामूहिक स्मृति में अमिट बसी रहेंगी।

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गाँधी ने कहा कि रघु राय जी के लेंस ने छह दशकों से अधिक समय तक भारत की आत्मा को अपने कैमरे में कैद किया। उन्होंने सिर्फ तस्वीरें ही नहीं खींचीं बल्कि हमारे राष्ट्र की स्मृति को संजोकर रखा।

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि आम भारतीयों के सुख-दुख, हर्ष-विषाद, चुनौती-संघर्ष आदि की कहानियों को तस्वीरों में उकेरने वाले दिग्गज फोटोग्राफर रघु राय जी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें। शोक-संतप्त परिवार एवं प्रशंसकों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। रघु राय जी की स्मृतियां उनकी ऐतिहासिक तस्वीरों में सदैव जीवित रहेंगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Powered By Sangraha 9.0