
काठमांडू, 26 अप्रैल (हि.स.)। नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनाल नई दिल्ली में 28-31 मई को होने वाले चौथे इंडिया-अफ्रीका फोरम समिट में शामिल होंगे।
नेपाल के विदेश मंत्रालय के एक अधिकारी ने कहा कि नई दिल्ली में होने वाले शिखर सम्मेलन के दौरान 28 मई को वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक और 29 मई को विदेश मंत्रियों की बैठक होगी। विदेश मंत्री शिशिर खनाल सम्मेलन के दौरान भारत और अन्य देशों के प्रतिनिधियों के साथ द्विपक्षीय मुलाकात भी कर सकते हैं। इस बैठक में व्यापार, निवेश, कनेक्टिविटी, ऊर्जा सहयोग और ग्लोबल साउथ की साझेदारी जैसे मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।
भारत-अफ्रीका फोरम समिट में अफ्रीकी देशों के राष्ट्राध्यक्षों, सरकार प्रमुखों और अफ्रीकन यूनियन के प्रतिनिधियों के अलावा क्षेत्रीय संगठनों के प्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया गया है। इसी कड़ी में नेपाल समेत बंगाल की खाड़ी बहु-क्षेत्रीय तकनीकी और आर्थिक सहयोग पहल (बिम्सटेक) सदस्य देशों के प्रतिनिधियों को भी विशेष आमंत्रण भेजा गया है। भारत इस मंच के जरिए अफ्रीकी देशों के साथ-साथ हिंद महासागर क्षेत्र और दक्षिण एशिया के साझेदार देशों के साथ रणनीतिक सहयोग को मजबूत करने की कोशिश कर रहा है।
भारत के विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने 23 अप्रैल को इस सम्मेलन के लोगो, थीम और आधिकारिक वेबसाइट का शुभारंभ करते हुए इसकी औपचारिक घोषणा की है। करीब एक दशक बाद भारत में हो रहे इस बड़े सम्मेलन को नई दिल्ली की अफ्रीका और पड़ोसी क्षेत्र के देशों के साथ कूटनीतिक पहुंच बढ़ाने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास