अगले सप्ताह सिर्फ एक नए आईपीओ की लॉन्चिंग, दो कंपिनियों के शेयरों की लिस्टिंग

युगवार्ता    26-Apr-2026
Total Views |
प्रतीकात्मक


नई दिल्ली, 26 अप्रैल (हि.स.)। सोमवार यानी 27 अप्रैल से शुरू होने वाले कारोबारी सप्ताह के दौरान प्राइमरी मार्केट काफी हद तक शांत रहने वाला है। पिछले सप्ताह की तरह इस सप्ताह भी सिर्फ एक कंपनी अपना आईपीओ लॉन्च कर रही है। ये आईपीओ एसएमई सेगमेंट का है। इस नए आईपीओ के अलावा पिछले सप्ताह खुले एक आईपीओ में भी इस सप्ताह निवेशक बोली लगा सकेंगे। ये आईपीओ भी एसएमई सेगमेंट का ही है। जहां तक नई लिस्टिंग की बात है तो इस सप्ताह दो कंपनियां स्टॉक मार्केट में एंट्री करने वाली हैं। इनमें से एक इंफ्रास्ट्रक्चर इनवेस्टमेंट ट्रस्ट लिस्टिंग रहने वाली है।

इस सप्ताह खुलने वाला एकमात्र आईपीओ अंबा ऑटो सेल्स एंड सर्विसेज का है। कंपनी का 65.12 करोड़ रुपये का आईपीओ सप्ताह के पहले कारोबारी दिन यानी 27 अप्रैल को ही सब्सक्रिप्शन के लिए खुलेगा। इस इश्यू में 29 अप्रैल तक बोली लगाई जा सकेगी। आईपीओ में बोली लगाने के लिए 130 रुपये से लेकर 135 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया गया है, जबकि लॉट साइज 1,000 शेयर का है। आईपीओ की क्लोजिंग के बाद 30 अप्रैल को अलॉटमेंट फाइनल किया जाएगा, जबकि 5 मई को एनएसई के एसएमई प्लेटफॉर्म पर कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग हो सकती है।

इन नए आईपीओ के अलावा पिछले सप्ताह 23 अप्रैल को सब्सक्रिप्शन के लिए खुले आदीसॉफ्ट टेक्नोलॉजीज के 74.10 करोड़ रुपये के आईपीओ में सोमवार यानी 27 अप्रैल तक बोली लगाई जा सकती है। इस आईपीओ में बोली लगाने के लिए 163 रुपये से लेकर 172 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया गया है। इश्यू की क्लोजिंग के बाद 28 अप्रैल को शेयरों का अलॉटमेंट हो सकता है, जबकि 30 अप्रैल को कंपनी के शेयर एनएसई के एसएमई प्लेटफॉर्म पर लिस्ट हो सकते हैं। अभी तक इस पब्लिक इश्यू को 3.34 गुना सब्सक्रिप्शन मिल चुका है।

जहां तक शेयर बाजार में लिस्टिंग की बात है तो इस सप्ताह 29 अप्रैल को बीएसई और एनएसई पर सिटियस ट्रांसनेट इनवेस्टमेंट ट्रस्ट की लिस्टिंग हो सकती है। इसी तरह 30 अप्रैल को आदीसॉफ्ट टेक्नोलॉजीज के शेयर एनएसई के एसएमई प्लेटफॉर्म पर लिस्ट हो सकते हैं।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

Tags