
गंगटोक, 26 अप्रेल (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी दो दिवसीय यात्रा पर सोमवार को सिक्किम पहुंच रहे हैं। वह अपनी यात्रा के दौरान सिक्किम राज्य की स्थापना की 50वीं वर्षगांठ समारोह के समापन समारोह में शामिल होंगे। प्रधानमंत्री इस अवसर पर विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन और आधारशिला भी रखेंगे।
प्रधानमंत्री मोदी दो दिवसीय यात्रा पर कल सिक्किम पहुंचेंगे। सिक्किम उनके भव्य स्वागत के लिए तैयार है। राजधानी गंगटोक को शानदार ढंग से सजाया गया है। राष्ट्रीय राजमार्ग 10 की सफाई, सड़क के किनारे जोखिम वाले पेड़ों की कटाई, प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग के बड़े-बड़े बैनर और होर्डिंग लगाना, विभिन्न स्थानों पर स्वागत द्वार का निर्माण, फुटपाथ पर सत्तारुढ़ सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा (एसकेएम) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के झंडे लगाना आदि कार्य किए गये हैं।
प्रधानमंत्री मोदी का दोपहर करीब 3 बजे राजधानी के लिविंग में भारतीय सेना के हेलीपैड पर पहुंचने का कार्यक्रम है। यहां से प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राजमार्ग 10 के तहत देवराली, पानी हाउस, हाॅस्पिटल डांडा होते हुए लोक भवन पहुंचेंगे। इस अवसर पर प्रधानमंत्री का स्वागत करने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग पर लोग मौजूद रहेंगे।
दूसरे दिन, प्रमधानमंत्री मोदी राजधानी के पाल्जोर स्टेडियम में सिक्किम राज्य की स्थापना की 50वीं वर्षगांठ के समापन समारोह में भाग लेंगे। इसमें राज्य के सभी छह जिलों की जनता भाग लेगी। राज्य के कलाकार प्रधानमंत्री का स्वागत करने के लिए सांस्कृतिक और देशभक्ति की प्रस्तुतियां देंगे। राज्य भर से लगभग दो हजार कलाकार पिछले कई दिनों से लगातार अभ्यास कर रहे हैं। प्रधानमंत्री का पाल्जोर स्टेडियम में राज्य के लोगों को संबोधित करने का भी कार्यक्रम है। इस दौरान वह विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन और आधारशिला रखेंगे।
प्रधानमंत्री मोदी की यात्रा और इस तथ्य को ध्यान में रखते हुए कि सिक्किम तीन अंतरराष्ट्रीय देशों (नेपाल, चीन और भूटान) से घिरा एक संवेदनशील राज्य है, राज्य में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। राजधानी में जगह-जगह सुरक्षा बलों को तैनात किया गया है। विशेष रूप से, सिक्किम की चेकपोस्टों को राज्य में आने वाले प्रत्येक आगंतुक के पहचान पत्र की जांच करने का काम सौंपा गया है।
सिक्किम के राज्यपाल ओम प्रकाश माथुर और मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग भी प्रधानमंत्री मोदी की यात्रा के लिए चल रही तैयारियों की लगातार समीक्षा कर रहे हैं। इस बीच, रविवार काे मुख्यमंत्री ने लोक भवन में राज्यपाल से शिष्टाचार भेंट की और प्रधानमंत्री की यात्रा पर चर्चा की। इसी तरह, राज्य के मुख्य सचिव आर. तेलंग ने वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों के एक दल के साथ रविवार काे पाल्जोर स्टेडियम का दौरा किया और वहां चल रही तैयारियों की समीक्षा की।
भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा, भाजपा के सिक्किम प्रभारी डॉ. दिलीप जयसवाल और दार्जिलिंग से भाजपा सांसद राजू बिष्ट सिक्किम पहुंच गए हैं। उन्होंने यहां प्रधानमंत्री के स्वागत की तैयारियों का जायजा लिया है।
उल्लेखनीय है कि, सिक्किम राज्य की स्थापना की 50वीं वर्षगांठ को चिह्नित करने के लिए 16 मई, 2025 से साल भर चलने वाले समारोहों की शुरुआत की गई है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पिछले साल ही इस समारोह में शामिल होने वाले थे। लेकिन प्रधानमंत्री खराब मौसम के कारण सिक्किम नहीं आ सके। उस समय उन्होंने बागडोगरा (पश्चिम बंगाल) से सिक्किम के लोगों को वर्चुअली संबोधित किया था। राज्य में सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा (एसकेएम) की सरकार बनने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की यह पहली यात्रा होगी।
--------
हिन्दुस्थान समाचार / Bishal Gurung