
नई दिल्ली, 26 अप्रैल (हि.स.)। पाकिस्तान ने जिम्बाब्वे महिला टीम के विरुद्ध आगामी तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए 15 सदस्यीय महिला टीम की घोषणा कर दी है। दोनों टीमों के बीच यह सीरीज कराची (पाकिस्तान) में चार मई से शुरू होगी। वनडे के बाद तीन मैचों की टी-20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज भी खेली जाएगी और इसके लिए टीम की घोषणा बाद में की जाएगी।
आईसीसी के अनुसार मेजबान टीम की कप्तानी फातिमा सना करेंगी। उनकी कप्तानी में हाल ही में टीम को दक्षिण अफ्रीका के विरुद्ध वनडे और टी-20 दोनों सीरीज में 2-1 से हार का सामना करना पड़ा था। 15 सदस्यीय टीम में मोमिना रियासत को पहली बार शामिल किया गया है।
जिम्बाब्वे की टीम सपेद गेंद की सीरीज के लिए पहली बार पाकिस्तान का दौरा करेगी और 29 अप्रैल को कराची पहुंचेगी। इसके बाद वह 30 अप्रैल से 3 मई तक करांची के नेशनल बैंक स्टेडियम में अभ्यास करेगी।
दोनों टीमों के बीच दूसरा और तीसरा वनडे क्रमशः 6 और 9 मई को खेला जाएगा, जिसके बाद 12 मई से तीन मैचों की टी-20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज शुरू होगी। सभी मैच कराची के नेशनल बैंक स्टेडियम में खेले जाएंगे।
पाकिस्तान महिला टीम:
फातिमा सना (कप्तान), आलिया रियाज, आयशा जफर, डायना बेग, गुल फिरोजा, मोमिना रियासत, मुनीबा अली (विकेटकीपर), नजीहा अल्वी (विकेटकीपर), नशरा संधू, नतालिया परवेज, रमीन शमीम, सदफ शमास, सिदरा अमीन, सैयदा अरूब शाह और तस्मिया रुबाब।---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह