ट्रम्प बोले- ईरान बातचीत चाहता है तो सीधे अमेरिका से संपर्क करे

26 Apr 2026 23:18:53

वॉशिंगटन, 26 अप्रैल (हि.स.)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने ईरान को लेकर बड़ा बयान देते हुए कहा है कि यदि ईरान बातचीत करना चाहता है, तो उसे सीधे अमेरिका से संपर्क करना चाहिए।

फॉक्स न्यूज के साथ एक इंटरव्यू में बात करते हुए ट्रम्प ने कहा, “अगर उन्हें बात करनी है तो वे हमारे पास आ सकते हैं या हमें कॉल कर सकते हैं। हमारे पास सुरक्षित लाइनें हैं।” उनके इस बयान को ईरान-अमेरिका संबंधों के मौजूदा तनाव के बीच महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

ट्रम्प ने यह भी दावा किया कि ईरान से जुड़ा मौजूदा संघर्ष जल्द ही समाप्त हो सकता है। उन्होंने विश्वास जताया कि अंततः इस स्थिति में अमेरिका मजबूत स्थिति में रहेगा। हालांकि, उन्होंने इस बारे में कोई विस्तृत रणनीति या समयसीमा स्पष्ट नहीं की।

ट्रम्प का यह बयान ऐसे समय में आया है जब पश्चिम एशिया में तनाव चरम पर है और कूटनीतिक प्रयासों की आवश्यकता पहले से अधिक महसूस की जा रही है। अमेरिका और ईरान के बीच लंबे समय से चले आ रहे विवादों में परमाणु कार्यक्रम, क्षेत्रीय प्रभाव और सुरक्षा मुद्दे प्रमुख रहे हैं।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Powered By Sangraha 9.0