जर्मन चांसलर मर्ज का बयान- ईरान के सामने अमेरिका “अपमानित”, रणनीति पर उठाए सवाल

27 Apr 2026 22:11:53
जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्ज ने अमेरिका की ईरान नीति पर तीखी टिप्पणी करते हुए


मार्सबर्ग (जर्मनी), 27 अप्रैल (हि.स.)। जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्ज ने अमेरिका की ईरान नीति पर तीखी टिप्पणी करते हुए कहा है कि ईरान के सामने अमेरिका “अपमानित” हो रहा है। जर्मनी के मध्य क्षेत्र स्थित मार्सबर्ग के एक स्कूल के दौरे के दौरान मर्ज ने यह बयान दिया।

मर्ज ने कहा कि ईरान वार्ता को लेकर बेहद चतुराई दिखा रहा है और अमेरिकी प्रयासों को बेअसर कर रहा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि ईरान बातचीत करने के बजाय “बातचीत से बचने” में अधिक कुशल साबित हो रहा है, जिसके चलते अमेरिका के कूटनीतिक प्रयास बेनतीजा साबित हो रहे हैं।

जर्मन चांसलर ने अमेरिकी रणनीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि बिना स्पष्ट लक्ष्य तय किए किसी युद्ध में प्रवेश करना गंभीर भूल है। उन्होंने इराक और अफगानिस्तान के उदाहरण देते हुए चेतावनी दी कि स्पष्ट निकास रणनीति के बिना युद्ध में फंसना लंबे समय तक नुकसानदायक हो सकता है।

उन्होंने मौजूदा स्थिति को “कम से कम अपर्याप्त रूप से सोची-समझी” करार दिया और कहा कि फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि अमेरिका इस संघर्ष से बाहर निकलने के लिए कौन-सी रणनीति अपना रहा है। मर्ज ने यह भी कहा कि जर्मनी चाहता है कि यह युद्ध जल्द से जल्द समाप्त हो, ताकि वैश्विक अर्थव्यवस्था को और नुकसान से बचाया जा सके।

जर्मनी, ब्रिटेन और फ्रांस के साथ मिलकर एक ऐसे गठबंधन का हिस्सा है, जो युद्धविराम के बाद हॉर्मुज जलडमरूमध्य में जहाजों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने की दिशा में काम कर रहा है।

मर्ज ने बताया कि जर्मनी ने इस मार्ग को सुरक्षित बनाने के लिए माइंसवीपर जहाज भेजने की पेशकश भी की है, क्योंकि आशंका है कि इस समुद्री मार्ग में बारूदी सुरंगें बिछाई गई हैं। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि इस दिशा में कोई भी कदम तभी संभव है जब संघर्ष समाप्त हो।

--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Powered By Sangraha 9.0