प्रधानमंत्री 28-29 अप्रैल को उप्र दौरे पर, वाराणसी व हरदोई में करेंगे विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास

27 Apr 2026 19:35:53
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (फाइल फोटो)


नई दिल्ली, 27 अप्रैल (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 28 एवं 29 अप्रैल को उत्तर प्रदेश के दौरे पर रहेंगे, जहां वे वाराणसी और हरदोई में कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में भाग लेंगे और हजारों करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास करेंगे।

प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार प्रधानमंत्री 28 अप्रैल को शाम करीब 5 बजे वाराणसी में आयोजित महिला सम्मेलन में शामिल होंगे। इस दौरान वे करीब 6,350 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे तथा सभा को संबोधित करेंगे।

प्रधानमंत्री 1,050 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 48 से ज्यादा पूरी हो चुकी परियोजनाओं को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इनमें वाराणसी-आजमगढ़ रोड का चौड़ीकरण, कज्जाकपुरा और कादीपुर में रेल ओवर ब्रिज, तथा भगवानपुर में 55 एमएलडी क्षमता का सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट प्रमुख हैं।

इसके अलावा वे जल जीवन मिशन के तहत 30 ग्रामीण पेयजल योजनाओं, चंद्रावती घाट के पुनर्विकास, सारंगनाथ मंदिर (सारनाथ) के पर्यटन विकास और संत रविदास पार्क के सौंदर्यीकरण जैसे जनकल्याणकारी परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। खेल एवं सामाजिक सुविधाओं के तहत उप्र कॉलेज में सिंथेटिक हॉकी टर्फ, रामनगर में 100 बेड का वृद्धाश्रम और भेलूपुर जल उपचार संयंत्र में एक मेगावाट सौर ऊर्जा परियोजना भी शामिल हैं।

प्रधानमंत्री 5,300 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 112 परियोजनाओं की आधारशिला भी रखेंगे। इनमें अमृत 2.0 के तहत सीवरेज एवं जल आपूर्ति योजनाएं, 500 बेड का सुपर-स्पेशियलिटी अस्पताल, बाजार परिसरों का निर्माण, तालाबों का पुनर्जीवन और प्रमुख घाटों अस्सी, दशाश्वमेध और नमो घाट का विकास शामिल है।

रेलवे क्षेत्र में प्रधानमंत्री वाराणसी जंक्शन से पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन के बीच तीसरी और चौथी रेलवे लाइन परियोजना की भी आधारशिला रखेंगे, जिसमें गंगा नदी पर रेल-सह-सड़क पुल का निर्माण शामिल है। इससे क्षेत्र में रेल यातायात सुगम होगा और कनेक्टिविटी बेहतर होगी।

प्रधानमंत्री दो नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों बनारस-पुणे और अयोध्या-मुंबई को भी हरी झंडी दिखाएंगे, जिससे उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के बीच संपर्क मजबूत होगा।

प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार 29 अप्रैल को सुबह करीब 8:30 बजे प्रधानमंत्री श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन और पूजा करेंगे। इसके बाद वे हरदोई पहुंचेंगे, जहां सुबह करीब 11:30 बजे गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन करेंगे।

गंगा एक्सप्रेसवे 594 किलोमीटर लंबा, 6-लेन (8-लेन तक विस्तारणीय) एक्सेस-कंट्रोल्ड ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे है, जिसकी लागत लगभग 36,230 करोड़ रुपये है। यह मेरठ से प्रयागराज तक 12 जिलों को जोड़ता है और यात्रा समय को 10-12 घंटे से घटाकर करीब 6 घंटे कर देगा।

इस परियोजना में शाहजहांपुर में 3.5 किलोमीटर लंबी आपातकालीन हवाई पट्टी भी है, जो राष्ट्रीय सुरक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है। एक्सप्रेसवे के किनारे औद्योगिक और लॉजिस्टिक कॉरिडोर विकसित किए जाएंगे, जिससे निवेश, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।

गंगा एक्सप्रेसवे को प्रदेश के व्यापक एक्सप्रेसवे नेटवर्क का अहम हिस्सा माना जा रहा है, जो राज्य में पूर्व-पश्चिम और उत्तर-दक्षिण कनेक्टिविटी को मजबूत करेगा और समग्र विकास को गति देगा।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Powered By Sangraha 9.0