नीदरलैंड्स के मिडफील्डर ज़ावी साइमन्स फीफा विश्व कप के पूरे टूर्नामेंट से बाहर

27 Apr 2026 15:17:53
नीदरलैंड्स के मिडफील्डर ज़ावी साइमन्स


नई दिल्ली, 27 अप्रैल (हि.स.)। फीफा विश्व कप 2026 से पहले नीदरलैंड्स की टीम को बड़ा झटका लगा है। मिडफील्डर ज़ावी साइमन्स घुटने की गंभीर चोट के कारण पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं।

टोटेनहैम हॉटस्पर के लिए खेलते हुए ज़ावी साइमन्स को वॉल्वरहैम्प्टन वांडरर्स के खिलाफ मुकाबले में चोट लगी। मैच के 63वें मिनट में वह स्ट्रेचर पर मैदान से बाहर गए। शुरुआती रिपोर्ट के अनुसार उनके दाहिने घुटने के अग्र क्रूसिएट लिगामेंट में गंभीर चोट आई है।

23 वर्षीय साइमन्स ने सोशल मीडिया पर अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए कहा, “कभी-कभी जिंदगी बहुत कठोर लगती है और आज वैसा ही दिन है। मेरा सीजन अचानक खत्म हो गया है और इसे समझना मुश्किल है। मैं बेहद दुखी हूं। मैं सिर्फ अपनी टीम के लिए खेलना चाहता था, लेकिन अब यह मौका मुझसे छिन गया है… विश्व कप भी।”

ज़ावी साइमन्स को कोच रोनाल्ड कोमान की टीम का अहम खिलाड़ी माना जा रहा था। यह उनका दूसरा विश्व कप होता, इससे पहले उन्होंने 2022 में पदार्पण किया था। वह अब तक 34 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुके हैं।

टोटेनहैम की मुश्किलें बढ़ीं

यह चोट टोटेनहैम हॉटस्पर के लिए भी बड़ा झटका है, जो पहले ही इस सीजन में संघर्ष कर रही है। टीम अंक तालिका में निचले पायदान पर है और बाहर होने के खतरे से जूझ रही है।

ज़ावी साइमन्स की चोट न सिर्फ उनके करियर के लिए बल्कि नीदरलैंड्स और टोटेनहैम दोनों के लिए बड़ा नुकसान है। अब टीम को उनके बिना नई रणनीति बनानी होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Powered By Sangraha 9.0