बिहार में 8,065 किमी. राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की गडकरी ने की समीक्षा, गुणवत्ता और कार्य गति बढ़ाने के निर्देश

28 Apr 2026 23:27:53
नई दिल्ली में आयोजित बैठक में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी बिहार की राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की गुणवत्ता और रखरखाव प्रगति की समीक्षा करते हुए।


नई दिल्ली, 28 अप्रैल (हि.स.)। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने बिहार में 8,065 किलोमीटर लंबाई के 203 राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की गुणवत्ता और रख-रखाव प्रगति की समीक्षा की। यह समीक्षा मीडिया और सोशल मीडिया से प्राप्त फीडबैक के आधार पर की गई।

केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के अनुसार, बैठक में केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा और हर्ष मल्होत्रा के साथ भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई), सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय और परियोजना से जुड़े ठेकेदारों के अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक के दौरान गडकरी ने जमीनी स्तर पर कार्यों में तेजी लाने, गुणवत्ता निगरानी को मजबूत करने और आधुनिक निर्माण तकनीकों को अपनाने पर जोर दिया, ताकि सड़कों की टिकाऊ क्षमता और यात्रा सुविधा बेहतर हो सके।

उन्होंने अधिकारियों को मानसून से पहले व्यापक तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए प्रभावी जल निकासी व्यवस्था, ढलान सुरक्षा उपाय और त्वरित प्रतिक्रिया तंत्र विकसित करने पर बल दिया, जिससे यातायात बाधित न हो और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Powered By Sangraha 9.0