गुजरात की सभी 15 महानगरपालिकाओं में भाजपा ने अपना परचम लहराया

युगवार्ता    28-Apr-2026
Total Views |
सूरत के लिम्बायत विधानसभा के विधायक संगीता पाटिल के विस्तार के चुने गए पार्षद


सूरत मनपा में भाजपा की बंपर जीत, आप 27 से घटकर 4 पर सिमटी

अहमदाबाद, 28 अप्रैल (हि.स.)। गुजरात की सभी 15 महानगरपालिकाओं के चुनाव में इस बार भी भाजपा का दबदबा कायम रहा। सूरत महानगरपालिका में भाजपा ने एक बार फिर प्रचंड जीत दर्ज करते हुए 120 में से 115 सीटों पर कब्जा कर लिया है। पिछले 30 वर्षों से जारी भाजपा का एकछत्र शासन अगले पांच वर्षों तक भी बरकरार रहेगा।

वर्ष 2021 में 27 सीटें जीतने वाली आम आदमी पार्टी इस बार मात्र 4 सीटों पर सिमट गई है। कांग्रेस, जो पिछली बार खाता भी नहीं खोल सकी थी, इस बार केवल 01 सीट जीतने में सफल रही है।

इन चुनावों का आयोजन एसआईआर(स्पेशल इंटेंसिव रिविजन) प्रक्रिया और 27 प्रतिशत ओबीसी आरक्षण लागू होने के बाद हुआ। हालांकि, इन बदलावों के बावजूद मतदान प्रतिशत में अपेक्षित बढ़ोतरी नहीं हुई। राज्यभर में 49 लाख से अधिक मतदाता मतदान के लिए बाहर ही नहीं निकले।

मतदान प्रतिशत की बात करें तो वापी महानगरपालिका में पहली बार हुए चुनाव में सबसे अधिक 72.29 फीसद मतदान दर्ज किया गया, जबकि गांधीधाम में सबसे कम 46.03 फीसद मतदान हुआ।

राज्य की सभी 15 महानगरपालिकाओं में भाजपा ने अपना परचम लहराया है। विपक्ष को केवल नाममात्र की सीटों से संतोष करना पड़ा। चुनाव से पहले कई स्थानों पर विरोध प्रदर्शन देखने को मिले थे, लेकिन इसका असर मतदान या परिणामों पर नजर नहीं आया।

15 महानगरपालिकाओं में से अहमदाबाद, सूरत, वडोदरा, राजकोट, भावनगर और जामनगर पुरानी महानगरपालिकाएं हैं, जबकि महेसाणा, सुरेंद्रनगर, आनंद, मोरबी, नडियाद, वापी, नवसारी, पोरबंदर और गांधीधाम नई महानगरपालिकाएं हैं, जहां पहली बार चुनाव हुए हैं। अहमदाबाद

महानगरपालिका के खाड़िया वार्ड में, जो भाजपा का मजबूत गढ़ माना जाता है, कांग्रेस ने जीत दर्ज कर भाजपा को झटका दिया है। यहां भाजपा के चारों उम्मीदवारों को हार का सामना करना पड़ा है।

उल्लेखनीय है कि गुजरात में 15 नगर निगमों, 84 नगरपालिकाओं, 34 जिला पंचायतों और 260 तालुका पंचायतों के लिए रविवार को वोटिंग हुई थी और आज इन चुनावों के नतीजे जारी हुए हैं। अभी नगरपालिकाओं, जिला पंचायत और तालुका पंचायतों का पूर्ण विवरण आना शेष है। इनका

विवरण मिलने के बाद विस्तृत खबर दी जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे

Tags