राजस्थान रॉयल्स का धमाकेदार रनचेज, पंजाब किंग्स की आईपीएल 2026 में पहली हार

28 Apr 2026 23:46:53
राजस्थान रॉयल्स का धमाकेदार रनचेज, पंजाब किंग्स को आईपीएल 2026 में पहली हार


न्यू चंडीगढ़, 29 अप्रैल (हि.स.)। राजस्थान रॉयल्स ने हाई-स्कोरिंग मुकाबले में पंजाब किंग्स को 6 विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की। महाराजा यादवेंद्र सिंह स्टेडियम में खेले गए इस मैच में राजस्थान ने 223 रन का बड़ा लक्ष्य 19.2 ओवर में हासिल कर लिया और पंजाब को इस सीजन की पहली हार थमा दी।

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पंजाब किंग्स ने 20 ओवर में 4 विकेट पर 222 रन बनाए। मार्कस स्टोयनिस ने 62 रन की तेज पारी खेली, जबकि प्रभसिमरन सिंह ने 59 रन बनाकर मजबूत शुरुआत दी। कप्तान श्रेयस अय्यर ने भी 30 रन का योगदान दिया।

बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान की शुरुआत विस्फोटक रही। वैभव सूर्यवंशी ने सिर्फ 16 गेंदों में 43 रन बनाकर पावरप्ले में ही मैच का रुख बदल दिया। उनके साथ यशस्वी जायसवाल ने 27 गेंदों में 51 रन की शानदार अर्धशतकीय पारी खेली।

मिडिल ऑर्डर में डोनोवन फरेरा ने नाबाद 52 रन बनाकर जीत की नींव मजबूत की, जबकि शुभम दुबे ने 31 रन बनाकर उनका बेहतरीन साथ निभाया। दोनों ने मिलकर पांचवें विकेट के लिए 32 गेंदों में 77 रन की साझेदारी की और टीम को लक्ष्य तक पहुंचाया।

राजस्थान की ओर से गेंदबाजी में यशराज पुंजा ने 2 विकेट हासिल किए, जबकि जोफ्रा आर्चर और नांद्रे बर्गर को एक-एक सफलता मिली।

इस जीत के साथ राजस्थान रॉयल्स ने अंक तालिका में अपनी स्थिति मजबूत की, जबकि पंजाब किंग्स को पहली हार का सामना करना पड़ा।

---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Powered By Sangraha 9.0