शिवराज सिंह चौहान ने जम्मू-कश्मीर में 330 नई सड़क परियोजनाओं का शुभारंभ किया

28 Apr 2026 15:45:53

श्रीनगर, 28 अप्रैल (हि.स.)। केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंगलवार को कहा कि जम्मू-कश्मीर में कच्चे मकानों में रह रहे सभी पांच लाख परिवारों को भौतिक सत्यापन के बाद पक्के मकान उपलब्ध कराए जाएंगे। उन्होंने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के द्वितीय बैच के तहत 3,550 करोड़ रुपये की लागत से 1,600 किलोमीटर लंबी 330 नई सड़क परियोजनाओं का भी शुभारंभ किया।

श्रीनगर में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए चौहान ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में हुए एक नए सर्वेक्षण में पाया गया है कि पांच लाख परिवारों के पास स्थायी आवास नहीं है। उन्होंने कहा कि भौतिक सत्यापन के बाद मैं आपको आश्वस्त करता हूँ कि जम्मू-कश्मीर में कोई भी कच्चे मकान में नहीं रहेगा। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि केंद्र जम्मू-कश्मीर के विकास को सुनिश्चित करने के लिए हर संभव कदम उठाएगा। हम जम्मू-कश्मीर को सर्वोपरि मानते हैं। पीएमजीएसवाई चरण-चार, प्रथम बैच के तहत सड़क परियोजनाओं को मंजूरी पाने वाला यह पहला राज्य था और द्वितीय बैच में भी मंजूरी पाने वाला यह पहला राज्य है।

महिला स्वयं सहायता समूहों के बारे में चौहान ने कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए 4,000 करोड़ रुपये वितरित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर में दो लाख लखपति दीदियां हैं। हम चाहते हैं कि इस देश में कोई भी गरीब न रहे। मंत्री ने कहा कि सरकार किसानों की आय बढ़ाने के लिए योजनाएं शुरू कर रही है और नए उपाय कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता

Powered By Sangraha 9.0