दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में हीट स्ट्रोक यूनिट सक्रिय

28 Apr 2026 17:43:53
सफदजंग अस्पताल


नई दिल्ली, 28 अप्रैल (हि.स.)। दिल्ली में बढ़ती गर्मी और संभावित लू को देखते हुए सफदरजंग अस्पताल ने हीट से जुड़ी बीमारियों से निपटने के लिए व्यापक तैयारियां पूरी करते हुए विशेष ‘हीट स्ट्रोक यूनिट’ को फिर से सक्रिय कर दिया है। इस केंद्र में लू से प्रभावित मरीजों को त्वरित और प्रभावी उपचार उपलब्ध कराया जाएगा।

अस्पताल प्रशासन ने मंगलवार को बताया कि

इस यूनिट को अस्पताल के न्यू इमरजेंसी बिल्डिंग के ग्राउंड फ्लोर पर स्थापित किया गया है जहां कुल 7 बेड आरक्षित किए गए हैं। इनमें से 2 बेड ईआर-1 में और 5 बेड ईआर-4 में स्थित हैं। यहां ट्रायेज के माध्यम से मरीज सीधे पहुंच सकते हैं, जिससे इलाज में देरी न हो।

हीट स्ट्रोक, हीट एक्सॉशन और डिहाइड्रेशन जैसी गंभीर स्थितियों से निपटने के लिए मेडिसिन, इमरजेंसी मेडिसिन, एनेस्थीसिया और कम्युनिटी मेडिसिन विभाग के विशेषज्ञ डॉक्टरों की समर्पित टीम तैनात की गई है। इसके साथ ही आवश्यक दवाइयों, कूलिंग उपकरणों और आपातकालीन प्रबंधन की पूरी व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।

अस्पताल प्रशासन के अनुसार फिलहाल यहां हीट से संबंधित किसी भी मरीज की रिपोर्ट नहीं आई है, लेकिन सतर्कता के तौर पर सभी इंतजाम पूरी तरह सक्रिय रखे गए हैं। विशेषज्ञों ने लोगों से अपील की है कि वे पर्याप्त पानी पीएं और धूप से बचे।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

Powered By Sangraha 9.0