सीजफायर के बाद ईरान में हवाई सेवाएं बहाल, छह प्रमुख एयरपोर्ट फिर शुरू

28 Apr 2026 22:59:53

तेहरान, 28 अप्रैल (हि.स.)। ईरान में संघर्ष विराम (सीजफायर) के बीच सामान्य स्थिति की ओर लौटने के संकेत मिलने लगे हैं। सरकार ने देश के छह प्रमुख हवाई अड्डों पर उड़ान सेवाएं फिर से शुरू कर दी हैं और घरेलू व अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को चरणबद्ध तरीके से बढ़ाने की योजना बनाई है।

ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी 'आईआरएनए' के अनुसार, मेहराबाद एयरपोर्ट, मशहद एयरपोर्ट, शिराज एयरपोर्ट, जाहेदान एयरपोर्ट, गोरगान एयरपोर्ट और उर्मिया एयरपोर्ट को फिर से संचालन में लाया गया है।

रिपोर्ट में बताया गया है कि अगले चरण में केरमान एयरपोर्ट (आयतुल्लाह हाशमी रफसंजानी), यज्द एयरपोर्ट और बिरजंद एयरपोर्ट से भी उड़ान सेवाएं शुरू की जाएंगी।

ईरान एयरपोर्ट्स एंड एयर नेविगेशन कंपनी ने कहा है कि देश के हवाई क्षेत्र में सुरक्षा स्थिति बेहतर होने के बाद उड़ानों की संख्या धीरे-धीरे बढ़ाई जाएगी।

सरकारी सूत्रों के मुताबिक, पूर्वी ईरान के हवाई क्षेत्र से गुजरने वाली अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को भी फिर से अनुमति दी जाएगी, जिससे क्षेत्रीय और वैश्विक हवाई यातायात को राहत मिलने की उम्मीद है।

हवाई सेवाओं की बहाली से न केवल आम जनजीवन सामान्य होगा, बल्कि व्यापार और अंतरराष्ट्रीय संपर्क भी धीरे-धीरे पटरी पर लौटेंगे। हालांकि, पूरी तरह सामान्य स्थिति बहाल होने में अभी कुछ समय लग सकता है।

---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Powered By Sangraha 9.0