अरब सागर में अमेरिकी कार्रवाई, ईरान जाने के शक में रोका गया जहाज

28 Apr 2026 23:56:53

वॉशिंगटन/अरब सागर, 28 अप्रैल (हि.स.)। अमेरिका की सेना ने अरब सागर में एक कमर्शियल जहाज को रोककर उसकी तलाशी ली। यह कदम उस आशंका के चलते उठाया गया कि जहाज ईरान के किसी बंदरगाह की ओर जा रहा है और अमेरिकी नाकेबंदी का उल्लंघन कर सकता है।

अमेरिकी सेंट्रल कमांड सेंटकॉम के अनुसार, मरीन जवानों ने 'एम/वी ब्लू स्टार थ्री' नामक जहाज पर चढ़कर विस्तृत जांच की। तलाशी के दौरान जहाज के दस्तावेजों और मार्ग की पुष्टि की गई।

जांच के बाद अमेरिकी सेना ने बताया कि जहाज का ईरानी बंदरगाह पर रुकने का कोई इरादा नहीं था। इसके बाद उसे बिना किसी कार्रवाई के आगे बढ़ने की अनुमति दे दी गई।

सेंटकॉम के मुताबिक, क्षेत्र में निगरानी अभियान के तहत अब तक 39 जहाजों को नियमों के पालन के लिए अपना मार्ग बदलने के लिए कहा गया है। यह कदम समुद्री नाकेबंदी को प्रभावी बनाने और संभावित उल्लंघनों को रोकने के उद्देश्य से उठाया जा रहा है।

मौजूदा हालात में अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है ताकि किसी भी तरह की सुरक्षा चुनौती को समय रहते रोका जा सके।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Powered By Sangraha 9.0