
चंडीगढ़, 28 अप्रैल (हि.स.)। पंजाब-हरियाणा बार्डर पर शंभू की सीमा में बीती रात दिल्ली-पटियाला रेलवे ट्रैक पर बम धमाका हुआ है। कहा जा रहा है कि जिस संदिग्ध ने विस्फोटक लगाया उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव के टुकड़े आज सुबह बरामद किए हैं। धमाके के कारण कई घंटे तक रेलवे ट्रैक बाधित रहा। यह धमाका पटियाला जिला के गांव बठोनियां के निकट जंगल में हुआ है। यहां रेलवे ट्रैक का कुछ हिस्सा घने जंगल में है। आतंकवाद के दौर में भी इस क्षेत्र में अकसर घटनाएं होती रही हैं।
पटियाला के एसएसपी वरूण शर्मा ने बताया कि बीती रात शंभू के निकट रेलवे ट्रैक पर धमाके की सूचना मिली। इिसके बाद वह स्वयं, डीआईजी पटियाला रेंज, जीआरपी तथा आरपीएफ के अधिकारी मौके पर पहुंचे। जहां धमाका हुआ वहां गहरा गढ्ढा बन गया। स्थिति को देखते हुए रेलवे ट्रैक पर आवागमन को रोका गया। उन्होंने बताया कि इस घटना के संदिग्ध युवक की मौत हो गई। धमाके से ट्रैक को मामूली नुकसान हुआ , जिसे ठीक कर लिया गया है। पुलिस को कई अहम सुराग मिले हैं। एक मोबाइल फोन का सिम कार्ड भी मिला है। उसकी जांच की जा रही है।
उल्लेखनीय है कि करीब एक सप्ताह पहले ही ई-मेल के जरिए पंजाब व हरियाणा में रेलवे ट्रैक को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। ई-मेल में बाकायदा 24 अप्रैल को 8:11 मिनट पर अंबाला से लेकर दिल्ली तक रेलवे ट्रैक पर धमाके करने की धमकी दी गई थी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा