बुल्गारिया में हाई-टेक गांजा फार्म का भंडाफोड़, तीन गिरफ्तार

29 Apr 2026 20:04:54

सोफिया, 30 अप्रैल (हि.स.)। बुल्गारिया में संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक बंद पड़ी जिंक खदान के भीतर संचालित “हाई-टेक” कैनाबिस (गांजा) फार्म का पर्दाफाश किया है। इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक अन्य आरोपित की तलाश जारी है।

जांच एजेंसियों के मुताबिक, यह अवैध फार्म ओसोगोवो पर्वत के नीचे स्थित गार्ल्यानो गांव के पास एक पुरानी खदान में बनाया गया था, जो नॉर्थ मैसेडोनिया की सीमा से कुछ किलोमीटर दूर है। अधिकारियों का मानना है कि इस स्थान का चयन गुप्त रूप से बड़े पैमाने पर उत्पादन और तस्करी के उद्देश्य से किया गया था।

संगठित अपराध निरोधक निदेशालय के उपनिदेशक एमिल बोरिसोव ने बताया कि इस खदान को अत्याधुनिक तकनीक से लैस किया गया था, जिसमें नियंत्रित तापमान, प्रकाश व्यवस्था और सिंचाई प्रणाली शामिल थी, जिससे बड़े पैमाने पर गांजे का उत्पादन किया जा रहा था।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने करीब 70 किलोग्राम नशीले पदार्थ, लगभग 6 लाख यूरो नकद और 600 राउंड गोला-बारूद बरामद किया है। इससे संकेत मिलता है कि यह नेटवर्क न केवल ड्रग तस्करी बल्कि अन्य आपराधिक गतिविधियों में भी शामिल हो सकता है।

पुलिस के अनुसार, जांच अभी जारी है और इसमें कई महीने लग सकते हैं। खदान के स्वामित्व और पूरे नेटवर्क के दायरे का पता लगाने के लिए विस्तृत पड़ताल की जा रही है।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Powered By Sangraha 9.0