भारतीय गोल्फ के दिग्गज विजय कुमार का निधन

29 Apr 2026 18:17:54
भारतीय गोल्फ के दिग्गज विजय कुमार


नई दिल्ली, 29 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय गोल्फ के दिग्गज और पूर्व इंडियन ओपन चैंपियन विजय कुमार का 57 साल की उम्र में निधन हो गया। बुधवार को उनके निधन की पुष्टि प्रोफेशनल गोल्फ टूर ऑफ इंडिया (पीजीटीआई) ने की।

पीजीटीआई ने एक बयान में कहा कि डीपी वर्ल्ड प्रोफेशनल गोल्फ टूर ऑफ इंडिया (डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई) दिग्गज भारतीय गोल्फर विजय कुमार के निधन पर शोक व्यक्त करता है। उनका निधन 28 अप्रैल को उनके गृह नगर लखनऊ में 57 वर्ष की आयु में हृदयाघात के कारण हुआ।

वर्ष 2002 इंडियन ओपन के विजेता और चार बार के ऑर्डर ऑफ मेरिट चैंपियन विजय कुमार भारतीय पेशेवर गोल्फ के सबसे सफल और सम्मानित नामों में से एक थे। उनका जन्म 29 सितंबर 1968 को लखनऊ में हुआ था। उन्होंने 1990 के दशक के मध्य से लेकर अगले दशक की शुरुआत तक भारतीय घरेलू गोल्फ में अपना दबदबा बनाए रखा और कई खिताब जीते।

वर्ष 2002 के इंडियन ओपन में विजय की शानदार जीत भारतीय गोल्फ में एक यादगार पल है। वह इंडियन ओपन का खिताब जीतने वाले सिर्फ नौ भारतीय गोल्फरों में से एक हैं। विजय ने स्कॉटलैंड के सेंट एंड्रयूज में खेले गए अल्फ्रेड डनहिल कप 1999 में भी भारत का प्रतिनिधित्व किया था।

अपनी कुशलता, निरंतरता, प्रतिस्पर्धी भावना और अनुकरणीय आचरण के लिए व्यापक रूप से प्रशंसित विजय ने गोल्फरों की कई पीढ़ियों को प्रेरित किया और देश में इस खेल के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

डीपी वर्ल्ड प्रोफेशनल गोल्फ टूर ऑफ इंडिया के अध्यक्ष कपिल देव ने उनके निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि विजय कुमार भारतीय गोल्फ के सच्चे दिग्गजों में से एक थे। उनकी उपलब्धियों, विनम्रता और खेल के प्रति समर्पण ने उन्हें गोल्फरों की कई पीढ़ियों के लिए आदर्श बना दिया। उनका निधन भारतीय गोल्फ के लिए एक बड़ी क्षति है। हम उनके परिवार और प्रियजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं।

डीपी वर्ल्ड प्रोफेशनल गोल्फ टूर ऑफ इंडिया के सीईओ अमनदीप जोहल ने कहा कि विजय कुमार भारतीय गोल्फ के सर्वश्रेष्ठ पेशेवर खिलाड़ियों में से एक थे। वर्ष 2002 इंडियन ओपन में उनकी जीत और उनके चार ऑर्डर ऑफ मेरिट खिताब हमारे खेल के गौरवशाली इतिहास का हिस्सा बनकर हमेशा याद रखे जाएंगे। उन्होंने भारत में पेशेवर गोल्फ के विकास में बहुत बड़ा योगदान दिया और आने वाले वर्षों तक खिलाड़ियों को प्रेरित करते रहेंगे। -----------

हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह

Powered By Sangraha 9.0