मप्र के रायसेन में 11 से 13 अप्रैल तक आयोजित होगा कृषि महोत्सव

युगवार्ता    03-Apr-2026
Total Views |
केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान


नई दिल्ली, 03 अप्रैल (हि.स.)।

मध्य प्रदेश के रायसेन के दशहरा मैदान में 11 से 13 अप्रैल तक आयोजित होने वाले कृषि महोत्सव–प्रदर्शनी का उद्घाटन रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह करेंगे। इस मौके पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। 13 अप्रैल को समापन सत्र में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी उपस्थित रहेंगे। इस मौके पर क्षेत्र के लिए समग्र कृषि रोडमैप जारी किया जाएगा।

कृषि मंत्रालय द्वारा शुक्रवार को जारी विज्ञप्ति के अनुसार दशहरा मैदान, रायसेन में लगने वाले इस विशाल राष्ट्रीय कृषि मेले में नई खेती तकनीकों, उन्नत बीज, ड्रोन व आधुनिक मशीनों, सूक्ष्म सिंचाई, पशुपालन–मत्स्यपालन, प्रसंस्करण, किसान उत्पादक संगठन (एफपीओ) और ग्रामीण आजीविका के सैकड़ों स्टॉल लगेंगे, जहां किसान देखेंगे भी, सीखेंगे भी और तुरंत लाभ लेने के तरीके भी समझेंगे।

समापन सत्र में रायसेन, विदिशा, सीहोर और आसपास के समान एग्रो‑क्लाइमेटिक कृषि‑जलवायु क्षेत्र के लिए विशेष कृषि रोडमैप प्रस्तुत किया जाएगा, जिसमें उत्पादन बढ़ाने से लेकर बाजार तक पहुंच मजबूत करने की स्पष्ट दिशा दी जाएगी ।

केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा कि लगभग तीन सौ स्टॉलों वाली यह बहु‑क्षेत्रीय प्रदर्शनी खेती के हर चरण– इनपुट से लेकर प्रसंस्करण और विपणन तक के समाधान एक ही जगह उपलब्ध कराएगी। इसमें कृषि, बागवानी, सूक्ष्म सिंचाई, कृषि मशीनरी व टेक्नोलॉजी, उर्वरक, कीटनाशक, बीज कंपनियाँ, डिजिटल कृषि, फसल बीमा, भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद , स्टेट एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी, कृषि विज्ञान केंद्र , पशुपालन, मत्स्य, ग्रामीण विकास, खाद्य प्रसंस्करण, माइक्रो–स्मॉल एंड मीडियम इंटरप्राइजेज, भारतीय राष्ट्रीय कृषि सहकारी विपणन संघ, एफपीओ और स्टार्ट‑अप्स की सक्रिय भागीदारी रहेगी। उन्होंने ने कहा कि किसानों के लिए विषयवार सेमिनार–प्रशिक्षण सत्र, लाइव डेमो, नुक्कड़ नाटक, सांस्कृतिक कार्यक्रम और अलग‑अलग राज्यों से आए प्रगतिशील किसानों के अनुभव साझा करने के विशेष कार्यक्रम भी आयोजित होंगे, जिससे “खेती का गेम चेंजर– राष्ट्रीय कृषि मेला, रायसेन” का संदेश सिर्फ पोस्टर तक सीमित न रहकर जमीन पर दिखे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

Tags