छत्तीसगढ़ के मरवाही वन मंडल में हाथी ने ग्रामीण की कुचल कर ली जान

03 Apr 2026 14:34:53
हाथी का ग्रामीण पर जानलेवा हमला


गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 03 अप्रैल (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के मरवाही वन मंडल परिक्षेत्र के सिवनी बीट में शुक्रवार काे हाथी ने ग्रामीण काे कुचल कर मार डाला। इससे आसपास के गांवों में भारी दहशत का माहौल है।

ग्राम पंचायत पोंडी के अंतर्गत आने वाले डडिंया गांव के जंगल में आज सुबह करीब 4 बजे 55 वर्षीय त्रिलोचन सिंह महुआ बीनने गए थे। इसी दौरान उनका सामना एक दंतैल हाथी से हो गया। हाथी ने वृद्ध पर हमला कर मौके पर ही कुचल दिया, जिससे उनकी घटना स्थल पर ही मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि यह वही अकेला दंतैल हाथी है, जो एक अप्रैल को कटघोरा के पसान क्षेत्र से निकला था। कुम्हारी रोड और सोन नदी पार करते हुए यह हाथी शुक्रवार सुबह डडिंयाडोंगरी के जंगलों में पहुंचा। वर्तमान में हाथी कक्ष क्रमांक 2093 के पास ही डटा हुआ है, जिससे आसपास के गांवों में भारी दहशत का माहौल व्याप्त हाे गया है।

घटना की सूचना मिलते ही सिवनी बीट के वनरक्षक शाहिद खान, पोंडी सरपंच हेमचंद मरावी और मरवाही पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गयी है। वन कर्मी इलाके की छानबीन कर शव काे पाेस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

यह इलाका मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले की सीमा से बेहद करीब है, जिसे देखते हुए सीमावर्ती गांवों में भी अलर्ट जारी किया गया है। मरवाही वन मंडल ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे महुआ बीनने या लकड़ी लेने के लिए फिलहाल जंगलों की ओर रुख न करें और रात के समय विशेष सावधानी बरतें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल

Powered By Sangraha 9.0