भारत के रास्ते खाड़ी देशों की यात्रा करने वाले नेपाली नागरिकों को दिल्ली से मिलेगा एनओसी

युगवार्ता    03-Apr-2026
Total Views |
विदेश मंत्रालय


काठमांडू, 03 अप्रैल (हि.स.)। भारत के रास्ते पश्चिम एशियाई देशों में जाने के इच्छुक नेपाली नागरिकों को नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट (एनओसी) जारी करने के लिए नई दिल्ली के नेपाली दूतावास को निर्देश दिया गया है।

विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को आयोजित एक पत्रकार सम्मेलन में यह जानकारी दी। यह निर्णय विदेश सचिव अमृत राई के संयोजकत्व में गठित इमरजेंसी रेस्पॉन्स टीम की चौथी बैठक में लिया गया।

विदेश मंत्रालय के पश्चिम एशिया और अफ्रीका महाशाखा प्रमुख रामकाजी खड़का ने कहा कि भारतीय हवाई अड्डों का उपयोग करके पश्चिम एशिया के गंतव्य देशों में जाने वाले नेपाली नागरिकों को दिल्ली से एनओसी मिलेगा। संबंधित देश का वैध वीजा या पुनः प्रवेश (री-एंट्री) वीजा और पहचान पत्र (आईडी कार्ड) प्रस्तुत करने पर उन्हें नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट (एनओसी) जारी करने के लिए नई दिल्ली स्थित नेपाली दूतावास को निर्देश दिया गया है।

दरअसल, खाड़ी देशों में युद्ध की स्थिति होने के कारण अधिकांश विमानों की उड़ान रद्द हो गई हैं, जिससे हजारों की संख्या में नेपाली नागरिक काठमांडू में फंसे हुए हैं। रोजगार के सिलसिले में खाड़ी देश जाने वाले नेपाली नागरिकों की सुविधा के लिए यह फैसला किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Tags