अमित शाह शुक्रवार को लद्दाख में डेयरी व सहकारी पहलों का करेंगे उद्घाटन

30 Apr 2026 16:37:53
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह (फाइल फोटो)


नई दिल्ली, 30 अप्रैल (हि.स.)। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह शुक्रवार को लद्दाख के लेह स्थित केंद्रीय बौद्ध अध्ययन संस्थान (सीआईबीएस) में आयोजित कार्यक्रम में डेयरी एवं सहकारी क्षेत्र से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इस अवसर पर केंद्रीय मत्स्य, पशुपालन एवं डेयरी मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह और लद्दाख के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना उपस्थित रहेंगे।

सहकारित मंत्रालय के अनुसार कार्यक्रम के दौरान लद्दाख में डेयरी अवसंरचना को मजबूत करने के लिए कई अहम पहल की जाएंगी। कारगिल में 10 टन प्रतिदिन क्षमता वाले डेयरी प्लांट की आधारशिला रखी जाएगी, जबकि लेह में दही और पनीर उत्पादन इकाइयों का उद्घाटन किया जाएगा। साथ ही दूध के भंडारण और परिवहन को बेहतर बनाने के लिए बल्क मिल्क कूलर सिस्टम भी शुरू किया जाएगा।

सहकारी क्षेत्र में डिजिटल सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए एंड्रॉयड आधारित ऑटोमेटेड मिल्क कलेक्शन सिस्टम (एएमसीएस) ऐप भी लॉन्च किया जाएगा, जिससे दूध खरीद प्रक्रिया में पारदर्शिता आएगी और किसानों को भुगतान में सुविधा होगी।

इसके अलावा दूध की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए एक मोबाइल दूध परीक्षण प्रयोगशाला को भी हरी झंडी दिखाई जाएगी। डेयरी उत्पादों के विपणन और वितरण को बढ़ाने के लिए विभिन्न हितधारकों के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर भी हस्ताक्षर किए जाएंगे, जिससे स्थानीय उत्पादकों को बेहतर बाजार उपलब्ध हो सके।

कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के प्रगतिशील डेयरी किसानों को सम्मानित भी किया जाएगा। यह पहल सहकार से समृद्धि के विजन को आगे बढ़ाने और दूरदराज क्षेत्रों में ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Powered By Sangraha 9.0