भारत की सांस्कृतिक चेतना के मूर्तिमान रूप थे बलबीर पुंजः होसबाले

30 Apr 2026 19:44:53
भाजपा नेता बलबीर पुंज की श्रद्धाजंलि सभा


भाजपा नेता बलबीर पुंज की श्रद्धांजलि सभा में संवेदनाएं प्रकट करते  हुए आरएसएस के सह कार्यवाह दत्तात्रेय


नई दिल्ली, 30 अप्रैल (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व सांसद बलबीर पुंज को श्रद्धाजंलि देते हुए कहा कि वे सभी के लिए भारत की सांस्कृतिक चेतना के मूर्तिमान रूप की तरह थे। उन्होंने कभी मूल्यों के साथ समझौता नहीं किया। वे एक आदर्श स्वयंसेवक थे। उनमें भारतीयता के नैरेटिव को शक्तिशाली बनाने की भावना कमाल की थी। बलबीर जी का परिचय राष्ट्रवादी विचारक, सक्रिय कार्यकर्ता, समाज के प्रति संवेदनशील व्यक्ति के रूप में थी।

सरकार्यवाह होसबाले गुरुवार को डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित प्रार्थना सभा में परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि बलबीर पुंज ने सिख इतिहास में रिसर्च किया। बलबीर जी ने देश के मौजूदा इतिहास का भी अध्ययन किया और लोगों को उससे परिचय भी कराया। विशेष बात यह थी कि वे कम उम्र के लोगों को लिखने के लिए प्रोत्साहित भी करते थे। उन्होंने सत्य के मार्ग पर चलते समय कभी समझौता नहीं किया।

उन्होंने मदर लैंड के साथ पत्रकारिता की शुरुआत की। नेशनल यूनियन ऑफ़ जर्नलिस्ट को चलाया, पत्रकारिकता में उन्हें सम्मान मिला, राजनीति में उन्होंने कई कार्य किये, राज्यसभा सदस्य रहे। देश के साथ खड़े रहने वाले, भाषा में सशक्त प्रतिनिधि के नाते बलबीर जी हमेशा सभी के दिलों में याद रहेंगे।

इस अवसर पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह

ने कहा कि बलबीर पुंज मुक्त चिंतक थे और राष्ट्रीय मुद्दे पर उनकी सोच, उनका विचार अतुलनीय था। राज्यसभा में भी विभिन मुद्दे पर वे चर्चा करते थे, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के रूप में उन्होंने हमेशा सहयोग दिया। उन्होंने कहा कि बलबीर जी ने अपने सारी जिम्मेदारियों का बखूबी निर्वहन किया।

इस अवसर पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि बलबीर पुंज की राष्ट्रचिंतक के रूप में अलग पहचान रही। भाजपा के कार्यकर्ता उन्हें एक प्रेरणा के रूप में देखते आए। वे रोशनी पुंज के नाते हमेशा रोशनी देते रहेंगे। उन्होंने परिवार के प्रति संवेदनाएं प्रकट कीं। इस मौके पर बलबीर पुंज की बेटी स्वेता और मानसी ने अपने भाव प्रकट किए।

इस अवसर पर केंद्रीय विधि राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अर्जुनराम मेघवाल, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल, संघ के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर, भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद, सांसद अनिल बलूनी, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा, सांसद निशिकांत दुबे, बांसुरी स्वराज, भाजपा नेता शहनवाज हुसैन, सुधांशु महाराज, प्रतिभा आडवाणी, राजीव शुक्ला, मेनका गांधी, स्वाति मालिवाल, स्वामी कैलाशानंद, संजय मयूक मौजूद रहे और बलबीर पुंज के परिवार के प्रति संवेदनाएं प्रकट कीं।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

Powered By Sangraha 9.0