
नोट : इंट्रो में संशोधन के यह खबर पुन: जारी की जा रही है।
रायपुर, 30 अप्रैल (हि.स.)। कोलकाता से पुणे जा रहे इंडिगो विमान की गुरुवार को रायपुर एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। इंडिगो की इस उड़ान संख्या 6ई-135 में एक महिला यात्री की अचानक तबीयत बिगड़ी और वह बेहोश हो गईं, जिसके बाद पायलटों ने विमान को रायपुर के माना स्थित स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर लैंडिंग का फैसला लिया।
विमान दोपहर लगभग 12 बजे रायपुर हवाई अड्डे पर सुरक्षित रूप से उतर गया। एयरपोर्ट अधिकारियों ने पुष्टि करते हुए बताया कि कोलकाता से पुणे जा रही इंडिगो की उड़ान 6ई-135 को दोपहर लगभग 12:00 बजे रायपुर की ओर मोड़कर सुरक्षित रूप से लैंड कराया गया।
अधिकारियों के अनुसार, एक महिला यात्री के बीच हवा में बेहोश होने के कारण चालक दल ने तुरंत एटीसी से संपर्क किया और तत्काल चिकित्सा सहायता मांगी। एयरपोर्ट प्रशासन ने बताया कि लैंडिंग के तुरंत बाद भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण द्वारा तैनात मेडिकल टीम ने यात्री को प्राथमिक उपचार दिया और उसे एम्बुलेंस से पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ उसकी हालत बेहतर बताई गई है।
एक अधिकारी ने यह भी साझा किया, इस पूरी प्रक्रिया को बहुत तेजी से और समन्वित तरीके से संभाला गया ताकि अन्य यात्रियों को कम से कम असुविधा हो। इसके बाद विमान दोपहर लगभग 1:00 बजे पुणे के लिए रवाना हो गया।
एयरपोर्ट प्रबंधन के मुताबिक, जैसे ही फ्लाइट रायपुर पहुंची, पहले से मौजूद मेडिकल टीम ने यात्री को तुरंत प्राथमिक उपचार दिया और बेहतर इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया गया। गोपनीयता और सुरक्षा कारणों से अभी तक आधिकारिक तौर पर महिला यात्री के नाम का खुलासा नहीं किया गया है।
_______________
हिन्दुस्थान समाचार