इजराइल ने इटली के जहाज को रोका, रोम ने जताई नाराजगी, नागरिकों को रिहा करने की मांग

30 Apr 2026 19:57:53

रोम/तेल अवीव, 30 अप्रैल (हि.स.)। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच इजराइल द्वारा एक इतावली जहाज को रोके जाने पर इटली ने कड़ी आपत्ति जताई है। इटली सरकार ने इस कार्रवाई को अंतरराष्ट्रीय कानून के खिलाफ बताते हुए अपने नागरिकों की तत्काल रिहाई की मांग की है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, ‘ग्लोबल सुमुद फ्लोटिला’ से जुड़े जहाजों को उस समय रोका गया, जब वे अंतरराष्ट्रीय समुद्री क्षेत्र में थे। इटली का कहना है कि खुले समुद्र में इस तरह की कार्रवाई उचित नहीं है और इससे अंतरराष्ट्रीय नियमों का उल्लंघन होता है।

इटली के विदेश मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि इस घटना में कई इतावली नागरिकों को हिरासत में लिया गया है, जिनकी सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता है। सरकार ने जोर देकर कहा कि सभी लोगों के साथ मानवीय व्यवहार सुनिश्चित किया जाए और उन्हें जल्द से जल्द रिहा किया जाए।

सरकारी बयान में यह भी कहा गया है कि समुद्री मार्गों पर आवाजाही अंतरराष्ट्रीय कानून के तहत संरक्षित है, ऐसे में किसी भी देश को एकतरफा कार्रवाई से बचना चाहिए। इटली ने इस मामले में पारदर्शिता बरतने और पूरे घटनाक्रम की स्पष्ट जानकारी साझा करने की भी मांग की है।

इजराइल की ओर से इस कदम को सुरक्षा कारणों से उठाया गया बताया जा रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इजराइली अधिकारियों को संदेह था कि यह जहाज संवेदनशील क्षेत्रों की ओर जा सकता है और वहां सहायता या सामग्री पहुंचा सकता है, जिसके चलते उसे रोका गया।

इस घटनाक्रम ने पहले से तनावपूर्ण क्षेत्रीय हालात को और जटिल बना दिया है। कूटनीतिक स्तर पर दोनों देशों के बीच बातचीत की संभावना जताई जा रही है, ताकि इस विवाद का जल्द समाधान निकाला जा सके और प्रभावित लोगों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित हो सके।

-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Powered By Sangraha 9.0