मणिपुर एसडीपीओ हत्या मामले में एनआईए की बड़ी कार्रवाई, मुख्यारोपित गिरफ्तार

30 Apr 2026 20:50:53
एनआईए


नई दिल्ली, 30 अप्रैल (हि.स.)। राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने मणिपुर में वर्ष 2023 में उपमंडलीय पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) की हत्या के मामले में एक प्रमुख आरोपित को गिरफ्तार किया है। उस पर संदिग्ध कुकी उग्रवादियों द्वारा किए गए हमले की साजिश में शामिल होने का आरोप है।

एनआईए के अनुसार, गिरफ्तार आरोपित ओत्खोथांग बैते उर्फ ओथांग बैते मणिपुर के तेंगनौपाल जिले के मोरेह क्षेत्र का निवासी है। उसने एक संदिग्ध कुकी उग्रवादी समूह के सदस्यों के साथ मिलकर जिला पुलिस दल पर हमले की साजिश रची थी।

जांच एजेंसी के अनुसार, 31 अक्टूबर 2023 को मणिपुर में जातीय हिंसा के चरम के दौरान उग्रवादियों ने एक खेल मैदान में मौजूद जिला पुलिस टीम पर गोलीबारी की थी। इस हमले में मोरेह के एसडीपीओ चिंथम आनंदकुमार सिंह को पेट में गोली लगी थी, जिससे उनकी मृत्यु हो गई थी।

इस मामले में मोरेह पुलिस ने प्रारंभिक मामला दर्ज किया था, जिसे मार्च 2024 में एनआईए ने अपने हाथ में ले लिया। जांच के दौरान एजेंसी ने पाया कि इस साजिश का उद्देश्य राज्य में आतंक फैलाना था।

एनआईए ने इसी महीने इस मामले में एक अन्य आरोपित कमगिनथांग गंगटे को भी गिरफ्तार किया था। मामले में आगे की जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Powered By Sangraha 9.0