तेहरान की शरीफ यूनिवर्सिटी पर हमले का दावा, ईरान ने अमेरिका-इजराइल पर लगाए आरोप

युगवार्ता    06-Apr-2026
Total Views |
तेहरान की शरीफ यूनिवर्सिटी पर हमले का दावा, ईरान ने अमेरिका-इजराइल पर लगाए आरोप


तेहरान, 06 अप्रैल (हि.स.)। ईरान ने राजधानी तेहरान स्थित प्रतिष्ठित शरीफ प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय पर हमले का आरोप अमेरिका और इजराइल पर लगाया है। ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए इसे शिक्षा और वैज्ञानिक संस्थानों पर सीधा हमला बताया।

अराघची ने कहा कि शरीफ यूनिवर्सिटी देश की सबसे महत्वपूर्ण तकनीकी संस्थाओं में से एक है, जिसे अक्सर “ईरान का एमआईटी” कहा जाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि अमेरिकी और इजराइली हमलों में इस विश्वविद्यालय को निशाना बनाया गया, जो अंतरराष्ट्रीय मानकों के खिलाफ है।

उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए कहा कि ज्ञान और शिक्षा पर हमला किसी भी सभ्य समाज के लिए स्वीकार्य नहीं हो सकता। साथ ही उन्होंने ऐतिहासिक संदर्भ देते हुए कहा कि ईरान के लोग हर परिस्थिति में ज्ञान हासिल करने की क्षमता रखते हैं।

ईरानी विदेश मंत्री ने चेतावनी दी कि इस तरह की कार्रवाइयों का जवाब दिया जाएगा और हमलावरों को इसके परिणाम भुगतने होंगे।

हालांकि, इस हमले को लेकर अमेरिका और इजराइल की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Tags