आईसीसी ने मार्च के लिए सैमसन और बुमराह को 'प्लेयर ऑफ द मंथ' नामित किया

06 Apr 2026 14:37:55
आईसीसी लोगो


नई दिल्ली, 06 अप्रैल (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने मार्च के लिए सोमवार को महीने के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी के नामों का ऐलान कर दिया है। इस बार भारत के स्टार खिलाड़ी संजू सैमसन और जसप्रीत बुमराह को पुरुष वर्ग में नामित किया गया है। दोनों खिलाड़ियों ने अपने शानदार प्रदर्शन से टीम को बड़ी जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई है, जिसके चलते इन्हें इस सम्मान का प्रबल दावेदार माना जा रहा है।

संजू सैमसन ने मार्च महीने में काफी अच्छी बल्लेबाजी की है। उन्होंने आईसीसी टी-20 विश्व कप में वेस्टइंडीज के खिलाफ नाबाद 97 रन बनाए और इसके बाद इंग्लैंड तथा न्यूजीलैंड के खिलाफ सेमीफाइनल और फाइनल में लगातार 89-89 रनों की पारियां खेलीं। उनकी इन पारियों ने टीम को मुश्किल हालात से निकालकर खिताबी जीत दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

बुमराह की घातक गेंदबाजी बनी जीत की कुंजी

जसप्रीत बुमराह ने भी आईसीसी टी 20 विश्व कप में अपनी सटीक और किफायती गेंदबाजी से विरोधी टीमों को पूरी तरह दबाव में रखा। उन्होंने अहम मुकाबलों में कुल 7 विकेट लिए और फाइनल में 4 ओवर में सिर्फ 15 रन देकर 4 विकेट झटकते हुए मैच जिताऊ प्रदर्शन किया।

बुमराह और सैमसन के अलावा अन्य नामितों में दक्षिण अफ्रीका के युवा बल्लेबाज कॉनर एस्टरहुइजन भी शामिल हैं, जिन्होंने अपने शुरुआती अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने 5 मैचों में 200 रन बनाए और अपनी टीम को श्रृंखला जिताने में अहम भूमिका निभाई।

महिला वर्ग में भी कड़ी टक्कर

महिला वर्ग में न्यूजीलैंड की कप्तान अमेलिया केर, ऑस्ट्रेलिया की बेथ मूनी और दक्षिण अफ्रीका की अयाबोंगा खाका को नामांकन मिला है। इन सभी खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन से इस सम्मान के लिए मजबूत दावेदारी पेश की है।

ऐसे होगा विजेता का चयन

महीने के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का चयन विशेषज्ञों की समिति और दुनियाभर के प्रशंसकों के मतदान के आधार पर किया जाता है। इसमें विशेषज्ञों के वोट का हिस्सा अधिक होता है, जबकि प्रशंसकों के वोट भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। विजेताओं की घोषणा हर महीने के दूसरे सप्ताह में की जाती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Powered By Sangraha 9.0