शेयर बाजार में लौटी रौनक, सेंसेक्स ने निचले स्तर से लगाई 1,478 अंक की छलांग

06 Apr 2026 17:23:53
प्रतीकात्मक


- बाजार की तेजी से निवेशकों को 5.04 लाख करोड़ का मुनाफा

नई दिल्ली, 06 अप्रैल (हि.स.)। खाड़ी युद्ध के बीच शांति के नए प्रस्ताव आने की खबर से घरेलू शेयर बाजार की चाल में आज तेजी आ गई। शुरुआती कारोबार में गिरावट का सामना करने के बाद शेयर बाजार ने दिन के दूसरे सत्र में निचले स्तर से जोरदार रिकवरी की। सेंसेक्स निचले स्तर से 1,478 अंक से अधिक उछल गया। इसी तरह निफ्टी दिन के निचले स्तर से 455 अंक से अधिक की छलांग लगाने में सफल रहा। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 1.07 प्रतिशत और निफ्टी 1.12 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुए।

आज दिन भर के कारोबार के बाद बीएसई और एनएसई के ज्यादातर सेक्टोरल इंडेक्स मजबूती के साथ हरे निशान में बंद हुए। बैंकिंग, फाइनेंशियल और रियल्टी सेक्टर के शेयरों में आज जम कर खरीदारी होती रही। इसी तरह आईटी, ऑटोमोबाइल, कैपिटल गुड्स, कंज्यूमर ड्युरेबल्स, एफएमसीजी, हेल्थकेयर, मेटल, पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइज और टेक इंडेक्स भी मजबूती के साथ बंद हुए।

दूसरी ओर, ऑयल एंड गैस इंडेक्स आज बिकवाली के दबाव की वजह से 1.03 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुआ। ब्रॉडर मार्केट में भी आज लगातार खरीदारी होती रही, जिसके कारण निफ्टी का मिडकैप इंडेक्स 1.52 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुआ। इसी तरह स्मॉलकैप इंडेक्स ने 1.29 प्रतिशत की तेजी के साथ आज के कारोबार का अंत किया।

आज शेयर बाजार में आई मजबूती के कारण स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में करीब पांच लाख करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हो गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद बढ़ कर 427.41 लाख करोड़ रुपये (अनंतिम) हो गया। जबकि पिछले सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन यानी गुरुवार को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन 4.37 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों को आज के कारोबार से करीब 5.04 लाख करोड़ रुपये का मुनाफा हो गया।

आज दिन भर के कारोबार में बीएसई में 4,544 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें 3,202 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि 1,153 शेयरों में गिरावट का रुख रहा, वहीं 189 शेयर बिना किसी उतार चढ़ाव के बंद हुए। एनएसई में आज 3,001 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 2,375 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में और 626 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 27 शेयर बढ़त के साथ और तीन शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 45 शेयर हरे निशान में और पांच शेयर लाल निशान में बंद हुए।

बीएसई का सेंसेक्स आज 157.98 अंक की मजबूती के साथ 73,477.53 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होने के थोड़ी देर बाद बिकवाली शुरू हो जाने के कारण इस सूचकांक ने सारी बढ़त गंवा कर लाल निशान में गोता लगा दिया। लगातार हो रही बिकवाली की वजह से सेंसेक्स 590.89 अंक की कमजोरी के साथ 72,728.66 अंक के स्तर तक गिर गया।

इसके बाद खरीदारों ने लिवाली शुरू कर दी। खासकर, दिन के दूसरे सत्र में पश्चिम एशिया में जारी जंग को रोकने के लिए नए शांति प्रस्ताव की खबर आने के बाद खरीदारों ने उत्साहित होकर चौतरफा लिवाली शुरू कर दी। लगातार हो रही खरीदारी के सपोर्ट से आज का कारोबार खत्म होने के थोड़ी देर पहले यह सूचकांक दिन के निचले स्तर से 1,478.80 अंक उछल कर 887.91 अंक की तेजी के साथ 74,207.46 अंक के स्तर पर पहुंच गया। अंत में इंट्रा-डे सेटलमेंट की वजह से हुई मामूली बिकवाली के कारण सेंसेक्स दिन के ऊपरी स्तर से करीब 100 अंक फिसल कर 787.30 अंक की बढ़त के साथ 74,106.85 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी में आज 67.20 अंक की छलांग लगा कर 22,780.30 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलने के बाद बिकवाली का दबाव बढ़ने पर यह सूचकांक ओपनिंग लेवल से 237.35 अंक लुढ़क कर 170.15 अंक की कमजोरी के साथ 22,542.95 अंक के स्तर तक गिर गया। इसके बाद दिन के दूसरे सत्र में खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिससे निफ्टी ने निचले स्तर से रिकवरी शुरू कर दी।

लगातार हो रही खरीदारी के सपोर्ट से यह सूचकांक दिन के निचले स्तर से 455.40 अंक उछल कर 285.25 अंक की तेजी के साथ 22,998.35 अंक के स्तर तक आ गया। इसके बाद दिन के सौदों के निपटारे की वजह से आखिरी 20 मिनट के कारोबार में हुई बिकवाली के कारण निफ्टी ऊपरी स्तर से 30 अंक से अधिक फिसल कर 255.15 की मजबूती के साथ 22,968.25 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

आज दिन भर के कारोबार के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से ट्रेंट लिमिटेड 7.97 प्रतिशत, श्रीराम फाइनेंस 4.08 प्रतिशत, एक्सिस बैंक 3.96 प्रतिशत, अदानी एंटरप्राइजेज 3.71 प्रतिशत और टाइटन कंपनी 3.63 प्रतिशत की मजबूती के साथ आज के टॉप 5 गेनर्स की सूची में शामिल हुए। दूसरी ओर, रिलायंस इंडस्ट्रीज 3.39 प्रतिशत, ओएनजीसी 1.86 प्रतिशत, मैक्स हेल्थकेयर 1.38 प्रतिशत, आयशर मोटर्स 0.80 प्रतिशत और जेएसडब्ल्यू स्टील 0.67 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के टॉप 5 लूजर्स की सूची में शामिल हुए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

Powered By Sangraha 9.0