
- बंगाल के चुनावी रण में उतरे उत्तराखंड के मुख्यमंत्री, बनगांव उत्तर-दक्षिण, बागदा और गाेघाटा में किया रोड शो व जनसभा
कोलकाता, 06 अप्रैल (हि.स.)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपने स्टार प्रचारकों की सूची में शामिल उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को भी चुनाव प्रचार के लिए मैदान में उतारा है। सोमवार को उन्होंने उत्तर 24 परगना जिले के बनगांव क्षेत्र में रोड शो और जनसभा कर पार्टी उम्मीदवारों के समर्थन में प्रचार किया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस एक राजनीतिक दल की तरह नहीं बल्कि सिंडिकेट की तरह काम कर रही है और कट-मनी तथा कमीशनखोरी इसकी पहचान बन चुकी है। उन्होंने दावा किया कि यदि राज्य में भाजपा की सरकार बनती है तो भ्रष्टाचार और अपराध पर सख्त नियंत्रण किया जाएगा।
उन्होंने बनगांव दक्षिण से स्वप्न मजूमदार, बनगांव उत्तर से अशोक कीर्तनिया, बगदा से सोमा ठाकुर और गोघाटा से सुब्रत ठाकुर के नामांकन कार्यक्रम में भी हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने भाजपा के पक्ष में मतदान की अपील की।
रोड शो और जनसभा में बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति देखने को मिली। भाजपा नेताओं ने इसे जनसमर्थन का संकेत बताया। मुख्यमंत्री धामी ने अपने संबोधन में राज्य की तृणमूल कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि राज्य में भ्रष्टाचार और भय का माहौल है।
धामी ने कहा कि देश के विभिन्न राज्यों में केंद्र और राज्य में एक ही दल की सरकार होने से विकास कार्यों को गति मिली है। उन्होंने पश्चिम बंगाल में भी ऐसी ही डबल इंजन सरकार बनने पर विकास और निवेश बढ़ने का दावा किया।
उन्होंने कहा कि बनगांव में जनसभा में उमड़ी भीड़ परिवर्तन की इच्छा को दर्शाती है। मुख्यमंत्री ने मतदाताओं से भाजपा प्रत्याशियों को समर्थन देने की अपील करते हुए कहा कि इससे राज्य में विकास और सुशासन का मार्ग प्रशस्त होगा।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि भाजपा द्वारा बाहरी राज्यों के नेताओं को चुनाव प्रचार में उतारना उसकी रणनीति का हिस्सा है, जिससे संगठन को मजबूती देने और मतदाताओं को प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा है। मुख्यमंत्री धामी का यह दौरा भी उसी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। -------------------
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर