
नागपुर, 07 अप्रैल (हि.स.)। महाराष्ट्र के नागपुर शहर के सेंट्रल ऐवन्यू (सीए रोज) इलाके में मंगलवार को बड़ी मात्रा में जिंदा विस्फोटक मिलने से हड़कंप मच गया। गणेशपेठ पुलिस थाना क्षेत्र के दोसर भवन चौराहे पर स्थित मेट्रो स्टेशन के ठीक समीप यह घटना सामने आई है।
गणेशपेठ पुलिस को मंगलवार सुबह एक घर के पास संदिग्ध बैग मिलने की सूचना को मिली, जिसके बाद जांच शुरू की गई। जांच के दौरान बैग में 15 जिलेटिन की छड़ें, 58 डेटोनेटर और 8 कनेक्टर बरामद किए गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यह बैग पिछले एक से डेढ़ महीने से वहां पड़ा हुआ था। सुबह बैग से जिलेटिन की छड़ें बाहर दिखाई देने लगीं, जिसके बाद मकान मालिक ने तुरंत पुलिस को सूचित किया। इस सूचना पर पुलिस के साथ बम खोजी दस्ता (बीडीडीएस ) मौके पर पहुंचा। उन्होंने इलाके को तुरंत इलाके को सील कर तलाशी अभियान चलाया और सभी विस्फोटक सामग्री को सुरक्षित रूप से जब्त कर आगे की जांच के लिए भेज दिया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
इस बीच प्रारंभिक जांच में नागपुर जिले के काटोल क्षेत्र स्थित एसबीएल कंपनी में हुए विस्फोट से इस मामले का संबंध होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस का मानना है कि वहां से विस्फोटक सामग्री लाकर यहां फेंकी गई हो सकती है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस उपायुक्त राहुल मदने ने बताया कि मौके से बरामद सभी सामग्री को सुरक्षित कर लिया गया है और मामले की गहन जांच जारी है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की तलाश की जा रही है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध वस्तु की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।
गौरतलब है कि यह इलाका अत्यंत संवेदनशील माना जाता है। घटनास्थल से करीब 200 मीटर की दूरी पर जामा मस्जिद, 500 मीटर पर पोद्दारेश्वर राम मंदिर और लगभग डेढ़ से दो किलोमीटर दूर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का मुख्यालय स्थित है। इससे इस घटना की गंभीरता और बढ़ गई है।
---------------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुलकर्णी