इजराइल पर लेबनान में फॉस्फोरस बम इस्तेमाल का आरोप, क्षेत्र में हालात और तनावपूर्ण

07 Apr 2026 20:04:53
इजराइल पर लेबनान में फॉस्फोरस बम इस्तेमाल का आरोप


बेरूत, 07 अप्रैल (हि.स.)। दक्षिण लेबनान में इजराइल पर फॉस्फोरस बम के इस्तेमाल का आरोप लगा है, जिससे क्षेत्र में हालात और तनावपूर्ण हो गए हैं। लेबनान की आधिकारिक मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अयनाता इलाके में हुए हमले में इस तरह के हथियार का प्रयोग किया गया।

रिपोर्ट्स के मुताबिक इस हमले के बाद इलाके में घना सफेद धुआं फैल गया, जिससे स्थानीय लोगों को सांस लेने में दिक्कत और आंखों में जलन की शिकायत हुई। हालांकि, इजराइल की ओर से भी इस पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

विशेषज्ञों के अनुसार फॉस्फोरस आधारित हथियार अत्यधिक तापमान उत्पन्न करते हैं और इनके कण वातावरण में फैलकर गंभीर नुकसान पहुंचा सकते हैं। इनका धुआं मानव स्वास्थ्य के लिए हानिकारक माना जाता है और संपर्क में आने पर त्वचा व श्वसन तंत्र पर गहरा असर डाल सकता है।

अंतरराष्ट्रीय मानवीय कानून के तहत घनी आबादी वाले क्षेत्रों में इस तरह के हथियारों के उपयोग को लेकर पहले भी चिंता जताई जाती रही है। ऐसे में इस घटना ने एक बार फिर युद्ध के तरीकों और नागरिकों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बीच इस तरह के आरोपों से क्षेत्रीय तनाव और बढ़ने की आशंका है, जबकि अंतरराष्ट्रीय समुदाय स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Powered By Sangraha 9.0