गीत “टट्टीरी” विवाद पर महिला आयोग के समक्ष पेश हुए गायक बादशाह, मांगी माफी

युगवार्ता    07-Apr-2026
Total Views |
विजया रहाटकर


नई दिल्ली, 07 अप्रैल (हि.स.)। गीत “टट्टीरी” को लेकर विवाद में आए गीतकार एवं गायक बादशाह मंगलवार को राष्ट्रीय महिला आयोग के समक्ष पेश हुए। उन्होंने गीत के बोल के लिए महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर से माफी मांगी और महिला सशक्तिकरण के लिए कार्य करने का भरोसा दिया।

सुनवाई के दौरान गीतकार एवं गायक आदित्य प्रतीक सिंह उर्फ बादशाह के साथ निर्देश जोबन संधू, महावीर सिंह और निर्माता हितेन उपस्थित रहे।

सुनवाई के बाद मीडिया से बातचीत में आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने कहा कि “टट्टीरी” गीत के बोल एवं उसका प्रस्तुतीकरण महिलाओं की गरिमा और शालीनता को ठेस पहुंचाने वाला है। इस गीत से महिलाओं की गरिमा को क्षति हुई। उन्होंने कहा कि गायक और उनके सभी संबंधित पक्षों को इसकी पुनरावृत्ति न करने के निर्देश दिए गए हैं।

सभी संबंधित पक्षों ने आयोग के समक्ष लिखित रूप में बिना शर्त माफी मांगी और समाज को हुए नुकसान पर खेद व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि बादशाह ने महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए कार्य करने की प्रतिबद्धता जताई। वे चार माह के भीतर महिला सशक्तिकरण पर एक सकारात्मक गीत बनाएंगे। उन्होंने यह भी भरोसा दिया कि वे भविष्य में इस प्रकार की किसी भी गतिविधि में शामिल नहीं होंगे। बादशाह ने आयोग के सामने आर्थिक रूप से कमजोर 50 बालिकाओं की शिक्षा का प्रायोजन करने की बात रखी।

उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय महिला आयोग ने “टट्टीरी” में अश्लीलता और अभद्रता के आरोपों से संबंधित मीडिया रिपोर्टों का स्वतः संज्ञान लिया था। 19 मार्च को आयोग ने गीत के गायक सहित निर्देशक को समन जारी कर आयोग के दफ्तर बुलाया गया था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

Tags