नेपाल में ईंधन संकट के बीच सरकार ने दिया वर्क फ्रॉम होम और ‘ऑड-इवन’ प्रणाली लागू करने के संकेत

07 Apr 2026 22:19:53
लुंबिनी प्रदेश के सांसदों के साथ प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह


काठमांडू, 07 अप्रैल (हि.स.)। नेपाल सरकार ने संकेत दिया है कि पेट्रोलियम पदार्थ की आपूर्ति चुनौतियों के बीच ईंधन खपत को नियंत्रित करने के लिए वर्क फ्रॉम होम और 'ऑड-इवन’ वाहन प्रणाली लागू की जा सकती है।

मंगलवार को प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह की अध्यक्षता में हुई मंत्रिपरिषद की बैठक के बाद मीडिया से बात करते हुए संघीय मामिला तथा सामान्य प्रशासन मंत्री प्रतिभा रावल ने बताया कि सरकार पहले ही ऊर्जा संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए कदम उठा चुकी है।

मंत्री रावल ने जनता से भी ऊर्जा बचत के उपाय अपनाने की अपील की, जैसे कि जहां संभव हो घर से काम करना और इलेक्ट्रिक वाहनों का अधिक उपयोग करना।

मंत्री रावल ने यह भी जोर दिया कि सरकार पारदर्शी है और जनता की चिंताओं के प्रति संवेदनशील है। उन्होंने कहा, “हम नागरिकों द्वारा झेली जा रही कठिनाइयों को समझते हैं और पारदर्शिता के प्रति प्रतिबद्ध हैं। सभी से ऊर्जा बचाने और संसाधनों का समझदारी से उपयोग करने की अपील की जाती है।”

उन्होंने कहा कि वरिष्ठ अधिकारियों के ईंधन उपयोग पर प्रतिबंध लगाया गया है और इस पर कड़े नियंत्रण लागू किए गए हैं। मंत्री रावल ने कहा, “हमने उच्च पदस्थ अधिकारियों के लिए ईंधन खपत पहले ही कम कर दी है, और आवश्यकता पड़ने पर ‘ऑड-इवन’ प्रणाली भी लागू की जाएगी।”

उन्होंने दीर्घकालीन वाहन रूपांतरण के लिए कानूनी ढांचे में हो रही प्रगति का भी उल्लेख किया और कहा कि एथनोल नीति की तैयारी की जा रही है। उन्होंने कहा, “इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए बुनियादी ढांचे का विस्तार सरकार की प्राथमिकता बना हुआ है।”

--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Powered By Sangraha 9.0