आईएसएसएफ शूटिंग वर्ल्ड कप: पलक और मुकेश ने 10 मीटर एयर पिस्टल में स्वर्ण जीता, बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड

युगवार्ता    07-Apr-2026
Total Views |
भारतीय निशानेबाज पलक


ग्रेनाडा, 07 अप्रैल (हि.स.)। आईएसएसएफ शूटिंग वर्ल्ड कप में भारतीय निशानेबाज पलक और मुकेश नेलावल्ली की जोड़ी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इस दौरान दोनों ने विश्व रिकॉर्ड भी तोड़ दिया।

भारतीय जोड़ी ने फाइनल में कुल 487.7 अंक हासिल कर शीर्ष स्थान प्राप्त किया, जो जूनियर विश्व रिकॉर्ड भी है। फाइनल में पलक ने 243.0 और मुकेश ने 244.7 अंक जुटाए।

इससे पहले क्वालिफिकेशन राउंड में भी दोनों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 581-17x के स्कोर के साथ पदक मुकाबले में जगह बनाई। भारतीय जोड़ी क्वालिफिकेशन में दूसरे स्थान पर रही, जबकि चीन की जोड़ी 586-23x के स्कोर के साथ पहले स्थान पर रही।

चीन के कियानशुन याओ और काई हू ने 484.8 अंक के साथ रजत पदक जीता, जबकि हंगरी की वेरोनिका मेजर और अकोस कारोली नागी की जोड़ी ने 414.9 अंक के साथ कांस्य पदक हासिल किया।

18 वर्षीय पलक पहले भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना चुकी हैं। उन्होंने एशियन गेम्स 2023 में 10 मीटर एयर पिस्टल व्यक्तिगत स्पर्धा में स्वर्ण और टीम स्पर्धा में रजत पदक जीता था। इसके साथ ही उन्होंने 242.1 अंक का एशियाई खेल रिकॉर्ड बनाते हुए पेरिस ओलंपिक 2024 का कोटा भी हासिल किया था।

मुकेश नेलावल्ली भी भारतीय निशानेबाजी के उभरते सितारे हैं और जूनियर विश्व चैंपियन रह चुके हैं।

इस जीत के साथ भारतीय जोड़ी ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का नाम रोशन किया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Tags