मनामा, 07 अप्रैल (हि.स.)। पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच बहरीन में अमेरिकी दूतावास ने वहां रह रहे अमेरिकी नागरिकों के लिए अहम सुरक्षा एडवाइजरी जारी की है। दूतावास ने अपने सभी सरकारी कर्मचारियों को “शेल्टर इन प्लेस” यानी सुरक्षित स्थानों पर रहने का निर्देश दिया है और अन्य अमेरिकी नागरिकों को भी ऐसा ही करने की सलाह दी है।
अमेरिकी विदेश विभाग ने सोशल मीडिया पर जारी संदेश में कहा कि लोग जहां तक संभव हो, सुरक्षित इमारतों के अंदर ही रहें और खिड़कियों से दूर रहें। साथ ही, खाने-पीने का सामान, पानी, दवाइयां और अन्य जरूरी वस्तुओं का पर्याप्त भंडार रखने की भी सलाह दी गई है।
दूतावास ने यह भी स्पष्ट किया है कि फिलहाल सभी नियमित कांसुलर सेवाओं को अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया गया है। इससे वीजा, पासपोर्ट और अन्य सेवाओं पर असर पड़ेगा।
दरअसल, बहरीन में यह एडवाइजरी ऐसे समय पर जारी की गई है जब ईरान के साथ चल रहे संघर्ष के दौरान कई बार हमलों की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। फारस की खाड़ी के दक्षिण-पश्चिमी तट पर स्थित यह छोटा द्वीपीय देश रणनीतिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है।
बहरीन में यूएस नेवी पांचवी फ्लीट का मुख्यालय भी स्थित है, जो क्षेत्र में अमेरिकी सैन्य गतिविधियों का अहम केंद्र है। यही वजह है कि यह इलाका संभावित हमलों के लिहाज से संवेदनशील माना जा रहा है।
मौजूदा हालात को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां किसी भी संभावित खतरे को लेकर सतर्क हैं। ऐसे में नागरिकों को एहतियात बरतने और आधिकारिक निर्देशों का पालन करने की सलाह दी जा रही है।
----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय