कर्नाटक : दावणगेरे और बागलकोट सीटाें पर उपचुनाव के लिए कल हाेगा मतदान

08 Apr 2026 14:55:53
By election


बेंगलुरु, 08 अप्रैल (हि.स.)। कर्नाटक राज्य की दावणगेरे और बागलकोट विधानसभा सीटाेें के उपचुनाव के लिए 9 अप्रैल काे हाेने वाले मतदान की सभी तैयारियां कर ली गई है। चुनाव आयोग ने शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक मतदान केंद्र पर सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए हैं।

दावणगेरे दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में चुनावी तैयारियां पूरी हाे गई हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी जी.एम. गंगाधस्वामी ने बताया कि पूरे विधानसभा क्षेत्र

में कुल 284 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं, जिनमें से 76 को संवेदनशील घोषित किया गया है। इस क्षेत्र में 2,31,072 मतदाता हैं। सुरक्षा के मद्देनज़र 1000 से अधिक पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई है। साथ ही, सभी मतदान केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में निषेधाज्ञा लागू की गई है।

इसके साथ ही बागलकोट विधानसभा क्षेत्र में भी मतदान के लिए सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। नवनगर स्थित सरकारी प्रथम श्रेणी कॉलेज में मस्टरिंग कार्य चल रहा है। पूरे क्षेत्र में कुल 322 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इस क्षेत्र में 2,59,797 मतदाता हैं, जिनमें 1,26,999 पुरुष और 1,32,775 महिला मतदाता शामिल हैं। खास बात यह है कि 4,387 युवा पहली बार अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। प्रत्येक मतदान केंद्र पर वेबकास्टिंग की व्यवस्था की गई है। 59 रूटों के लिए 63 वाहनों की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा पिंक, युवा, दिव्यांग और थीम आधारित मतदान केंद्र भी स्थापित किए गए हैं। चुनाव अधिकारी संगप्पा ने इसकी पुष्टि की।

उल्लेखनीय है कि दावणगेरे दक्षिण सीट से कांग्रेस विधायक शमनूर शिवशंकरप्पा और बागलकाेट सीट से कांग्रेस विधायक एचवाई मेती के निधन के बाद उपचुनाव हाे रहा है। इस उपचुनाव में दावणगेरे दक्षिण से कांग्रेस ने समर्थ मल्लिकार्जुन (शमनूर के पोते) काे चुनाव मैदान में उतारा है। उनके मुकाबले में भाजपा ने श्रीनिवास दासकारियप्पा को मैदान में उतारा है। इसी तरह बागलकोट सीट से कांग्रेस ने उमेश मेती को मैदान में उतारा है। उनका मुकाबला भाजपा के वीरन्ना चरन्तिमठ से हाेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश महादेवप्पा

Powered By Sangraha 9.0