नेपाल प्रतिनिधि सभा के डिप्टी स्पीकर का चुनाव 10 अप्रैल को

08 Apr 2026 16:17:53
डीपी अर्याल स्पीकर पद में निर्विरोध


काठमांडू, 08 अप्रैल (हि.स.)। नेपाली संसद के प्रतिनिधि सभा के डिप्टी स्पीकर का चुनाव 10 अप्रैल को होगा। प्रतिनिधि सभा नियमावली के नियम 7 में स्पीकर और डिप्टी स्पीकर के चुनाव से संबंधित व्यवस्था है। इसके अनुसार स्पीकर के चयन के साथ ही डिप्टी स्पीकर के चुनाव की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई है।

प्रतिनिधि सभा की बुधवार को हुई बैठक में स्पीकर डोल प्रसाद अर्याल ने डिप्टी स्पीकर के चुनाव की तिथि 10 अप्रैल को तय किए जाने की जानकारी दी। नेपाल के संविधान में स्पीकर और डिप्टी स्पीकर पदों पर अलग-अलग दल और अलग-अलग लिंग के व्यक्ति होने का प्रावधान है।

प्रतिनिधि सभा में राष्ट्रीय स्वतन्त्र पार्टी सहित कुल 6 दल हैं। प्रतिनिधि सभा में राष्ट्रीय स्वतन्त्र पार्टी दो-तिहाई बहुमत के करीब है। 275 सदस्यीय प्रतिनिधि सभा में इस पार्टी के 182 सांसद हैं। इसके अलावा नेपाली कांग्रेस के 38, नेकपा एमाले के 25, नेपाली कम्युनिस्ट पार्टी के 17, श्रम संस्कृति पार्टी के 7 और राष्ट्रिय प्रजातन्त्र पार्टी के 5 सांसद हैं। इस स्थिति में अब राष्ट्रीय स्वतन्त्र पार्टी जिस उम्मीदवार को समर्थन देगी, उसी दल का उम्मीदवार डिप्टी स्पीकर पद पर निर्वाचित होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Powered By Sangraha 9.0