पुडुचेरी में कल होगा मतदान, सभी तैयारियां पूरी व सुरक्षा व्यवस्था रहेगी चाकचाैबंद

08 Apr 2026 14:26:53
पुदुचेरी


पुडुचेरी, 08 अप्रैल (हि.स.)। केंद्रशासित राज्य पुडुचेरी में विधानसभा चुनाव के लिए कल यानी गुरुवार काे सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान होगा। इसके लिए शासन और प्रशासन स्तर पर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पूरे प्रदेश के 30 निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 1,099 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं।

बुधवार काे मतदानकर्मियाें काे इवीएम सहित अन्य सामान के साथ जीपीएस युक्त वाहनाें के माध्यम से मतदान केंद्राें तक रवाना कर दिया गया। उनके साथ पुलिस सुरक्षा और हथियारबंद जवानों काे भी भेजा गया है। सुबह उम्मीदवारों और उनके एजेंटों की उपस्थिति में मतदान केंद्र पर सुरक्षित कमरों की सील खोली गई और ईवीएम तथा नियंत्रण इकाइयों को अलग किया गया। सभी मतदान केंद्रों पर अर्द्धसैनिक बल, पुलिस और चुनाव अधिकारी तैनात किए गए हैं। ईवीएम मशीनों को संबंधित मतदान अधिकारियों को सौंप दिया गया है। सभी मतदान केंद्रों पर वेब कैमरों के माध्यम से नियंत्रण कक्ष से निगरानी की जा रही है।

तय कार्यक्रम के अनुसार कल सुबह 7 बजे से मतदान शुरू होगा और शाम 6 बजे समाप्त होगा। इसके बाद मशीनों को कड़ी सुरक्षा के बीच मतगणना केंद्रों तक लाया जाएगा। जहां इन ईवीएम काे सुरक्षित कमरों में सील किया जाएगा। इन सुरक्षित कमरों की 24 घंटे सीसीटीवी कैमरों से निगरानी होगी। इनकी सुरक्षा के लिए अर्द्धसैनिक बलों और पुडुचेरी पुलिस की तीन-स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई है। अगले महीने की 4 तारीख को विधानसभा चुनाव के मतों की गिनती की जाएगी।

चुनाव के लिए पुडुचेरी क्षेत्र के ईवीएम मशीनों को टैगोर आर्ट्स कॉलेज, मोतीलाल नेहरू पॉलिटेक्निक कॉलेज और महिलाओं का इंजीनियरिंग कॉलेज परिसरो में स्थित मतगणना केंद्रों के सुरक्षित कमरों में रखा गया था। पुडुचेरी केंद्र शासित राज्य के 30 निर्वाचन क्षेत्रों के लिए 1,099 ईवीएम, 1,099 कंट्रोल यूनिट और 1,099 वीवीपैट मशीनों का उपयोग किया जाएगा। इसके अलावा आपात स्थिति के लिए 364 ईवीएम, 364 कंट्रोल यूनिट और 459 वीवीपैट मशीनें रिजर्व में रखी गई हैं। इस बार के चुनाव में 34 राष्ट्रीय दलों के उम्मीदवार, 63 राज्य दलों के उम्मीदवार, 80 पंजीकृत लेकिन मान्यता प्राप्त नहीं दलों के उम्मीदवार और 117 निर्दलीय उम्मीदवार सहित कुल 294 प्रत्याशी मैदान में हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dr. Vara Prasada Rao PV

Powered By Sangraha 9.0