खरगे और खेड़ा मामले में युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन, चिब बोले- डरेंगे नहीं

08 Apr 2026 16:30:53
जंतर मंतर पर उदय भानु चिब की अगुआई में प्रदर्शन करते युवा कांग्रेस कार्यकर्ता


नई दिल्ली, 08 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बुधवार को असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा द्वारा कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा के इस्तेमाल और पार्टी के मीडिया विभाग के अध्यक्ष पवन खेड़ा के खिलाफ पुलिस कार्रवाई के विरोध में प्रदर्शन किया। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने भाजपा को दलित विरोधी बताया।

युवा कांग्रेस के आज यहां जंतर-मंतर पर किए गए प्रदर्शन में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब समेत तमाम कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने भाजपा के विरोध में नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान इन कार्यकर्ताओं ने हाथों में पोस्टर पकड़ रखे थे। प्रदर्शन के दौरान उदय भानु चिब ने हिमंता बिस्वा सरमा पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि पवन खेड़ा ने हिमंता के भ्रष्टाचार को दुनिया के सामने लाने का काम किया। इसी वजह से भाजपा पवन खेड़ा को पकड़ने के लिए उनके घर पुलिस भेज रही है।

उल्लेखनीय है कि पवन खेड़ा ने 5 अप्रैल को असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा की पत्नी रिनिकी भुइयां सरमा पर संयुक्त अरब अमीरात, एंटीगुआ-बारबुडा और मिस्र में चालू पार्सपोर्ट और दुबई, अमेरिका में बिना चुनाव आयोग को बताए हजारों करोड़ की संपत्ति रखने का आरोप लगाया था।

उनके आरोपों पर मुख्यमंत्री की पत्नी ने एफआईआर दर्ज कराई थी। जिस पर असम पुलिस खेड़ा को ढूंढते हुए दिल्ली के उनके आवास पर छापेमारी की। हालांकि खेड़ा पुलिस को नहीं मिले।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Powered By Sangraha 9.0