

गंगटोक, 9 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय सेना की त्रिशक्ति कोर ने उत्तरी सिक्किम के लाचेन में फंसे पर्यटकों को बचाने के लिए 'ऑपरेशन हिम सेतु' चलाया है। भूस्खलन के कारण उत्तरी सिक्किम में लाचेन और चुंगथांग के बीच सड़क संपर्क बाधित हो गया है, जिससे क्षेत्र में यातायात प्रभावित हुआ है। इस स्थिति के मद्देनजर भारतीय सेना की पूर्वी कमान के तहत त्रिशक्ति कोर ने 'ऑपरेशन हिम सेतु' के साथ तेजी से प्रतिक्रिया दी है, जिसका उद्देश्य पहुंच बहाल करना और फंसे हुए पर्यटकों को बचाना है।
सेना के पीआरओ ने आज प्रेस बयान में कहा कि खराब मौसम और भारी बर्फबारी के बावजूद सैनिकों ने महत्वपूर्ण मार्ग खोले हैं और बचाव को संभव बनाने के लिए वैकल्पिक मार्गों का संचालन किया है। सीमा सड़क संगठन (बीआरओ), त्रिशक्ति कोर के सैनिकों के साथ समन्वय में लगातार सड़कों को साफ कर रहा है, बर्फ को साफ कर कठिन मौसम और इलाके में सड़क संपर्क बहाल कर रहा है। बचाव अभियान चरणबद्ध तरीके से चलाया जा रहा है। अब तक 135 पर्यटकों को सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि 32 हल्के वाहनों और 10 मोटरसाइकिलों को भी निकाला गया है।
बयान में कहा गया है कि भारतीय सेना, नागरिक प्रशासन के साथ समन्वय में स्थिति के अनुसार मौके पर सहायता, स्वास्थ्य सेवा और निकासी प्रदान करने में सक्रिय रही है। वर्तमान में लगभग 1,000 पर्यटक लाचेन में हैं और उन्हें सुरक्षित रूप से निकाल्ने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
सेना के एक अधिकारी ने कहा, 'हमारी पहली प्राथमिकता प्रत्येक नागरिक की सुरक्षा और कल्याण है। हमारी टीम मौके पर ही सभी आवश्यक सहायता प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।'
कठिन और बर्फ से ढंके ऊंचे मार्गों पर नागरिक वाहनों को खींचने के लिए सेना के वाहनों का उपयोग किया गया है। स्वास्थ्य आपात स्थितियों के साथ-साथ सहायता की आवश्यकता वाले नागरिकों को प्राथमिकता के आधार पर निकाला गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Bishal Gurung