आईपीएल 2026: रोमांचक मुकाबले में गुजरात टाइटंस ने दिल्ली कैपिटल्स को 01 रन से हराया

09 Apr 2026 00:55:53
आईपीएल 2026: रोमांचक मुकाबले में गुजरात टाइटंस ने दिल्ली कैपिटल्स को 01 रन से हराया


नई दिल्ली, 08 अप्रैल (हि.स.)। गुजरात टाइटंस और दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेला गया आईपीएल 2026 का मुकाबला इतिहास के सबसे रोमांचक मैचों में शुमार हो गया, जिसमें गुजरात ने महज 01 रन से जीत दर्ज की। अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले का फैसला आखिरी गेंद पर हुआ, जब कुलदीप यादव रन आउट हो गए और दिल्ली की जीत की उम्मीद टूट गई।

211 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली की शुरुआत शानदार रही। पथुम निशांका ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए पावरप्ले में तेजी से रन जोड़े। जबकि केएल राहुल ने बेहतरीन लय में बल्लेबाजी करते हुए 52 गेंदों में 92 रन की शानदार पारी खेली। राहुल ने 11 चौके और 4 छक्के जड़कर टीम को जीत के करीब पहुंचा दिया था।

हालांकि, मैच का रुख तब बदला जब राशिद खान ने अपने स्पेल में शानदार गेंदबाजी करते हुए लगातार विकेट झटके। उन्होंने मिडिल ओवरों में दिल्ली की रनगति पर ब्रेक लगाया और अहम बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। इसी दौरान उन्होंने अपने करियर का 1000वां विकेट भी पूरा किया।

दूसरी ओर, प्रसिद्ध कृष्णा ने भी अहम मौकों पर विकेट लेकर टीम को मुकाबले में बनाए रखा। आखिरी ओवर में उनकी संयमित गेंदबाजी ने मैच का पासा पलट दिया।

मैच के हीरो रहे डेविड मिलर, जिन्होंने चोटिल होने के बावजूद वापसी कर 20 गेंदों में नाबाद 41 रन बनाए। आखिरी ओवर में उन्होंने टीम को जीत के बेहद करीब पहुंचा दिया था, लेकिन पांचवीं गेंद पर सिंगल लेने से इनकार करना निर्णायक साबित हुआ।

अंतिम गेंद पर 2 रन की जरूरत थी, लेकिन जोस बटलर के सटीक थ्रो ने कुलदीप यादव को रन आउट कर दिया और गुजरात टाइटंस ने सांसें थाम देने वाले मुकाबले में जीत हासिल कर ली।

इससे पहले, गुजरात ने अपनी पारी में चार विकेट खोकर 210 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। गुजरात की पारी के हीरो कप्तान शुभमन गिल रहे, जिन्होंने 45 गेंदों पर 70 रन की शानदार पारी खेली। इसके अलावा जोस बटलर ने भी विस्फोटक अंदाज में 27 गेंदों में 52 रन बनाए। जबकि मध्यक्रम में वॉशिंगटन सुंदर ने भी अहम योगदान देते हुए अर्धशतक जड़ा और टीम के स्कोर को 200 के पार पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

दिल्ली की ओर से गेंदबाजी में मुकेश कुमार ने दो विकेट लिए, जबकि लुंगी एनगिडी को एक सफलता मिली।

इस जीत के साथ गुजरात ने आईपीएल 2026 में अपना खाता खोला, जबकि दिल्ली कैपिटल्स को एक और करीबी हार का सामना करना पड़ा। यह मुकाबला लंबे समय तक क्रिकेट प्रेमियों के जेहन में बना रहेगा।

---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Powered By Sangraha 9.0