इंडिगो और बीआईएएल ने आईएटीए के साथ किए अंतरराष्ट्रीय संपर्क रहित यात्रा परीक्षण

09 Apr 2026 13:58:53
इंडिगो, बीआईएएल और आईएटीए के अंतरराष्ट्रीय संपर्क रहित यात्रा परीक्षण का फोटो


नई दिल्ली, 09 अप्रैल (हि.स)। देश की बजट एयरलाइन कंपनी इंडिगो एवं बैंगलोर इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (बीआईएएल) ने इंटरनेशनल एयर ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन (आईएटीए) के सहयोग से संपर्क रहित अंतरराष्ट्रीय यात्रा परियोजना का तकनीकी परीक्षण पूरा कर लिया है। ये प्रदर्शन बेंगलुरु के केंपेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर हुआ, जिसमें टिकटिंग और बुकिंग मैनेजमेंट से लेकर बायोमेट्रिक-इनेबल्ड एयरपोर्ट यात्रा तक का पूरा ट्रैवल फ्लो शामिल था।

इंडिगो के मुताबिक भारत में अपनी तरह की यह पहल आईएटीए के उस ग्लोबल कैंपेन का हिस्सा थी, जिसके तहत दुनियाभर के खास बाजारों में इंटरनेशनल कॉन्टैक्टलेस यात्राओं के लिए अवधारणा के प्रमाण (PoCs) किए जा रहे हैं। इस साल की शुरुआत में इंडिगो और डिजी यात्रा फाउंडेशन ने एयरपोर्ट पर यात्रियों की कॉन्टैक्टलेस प्रोसेसिंग के लिए बायोमेट्रिक टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल करते हुए अत्याधुनिक स्व-संप्रभु पहचान (एसएसआई) पर आधारित इकोसिस्टम सफलतापूर्वक लागू किया था।

इंडिगो ने कहा कि इसके साथ ही उन्होंने एक ऐप-टू-ऐप इंटीग्रेशन भी किया था, जिससे उनके मोबाइल ऐप्स के बीच बोर्डिंग पास आसानी से शेयर किए जा सकें। इसी सफल मॉडल को आगे बढ़ाते हुए इंडिगो और डिजी यात्रा फाउंडेशन ने बीआईएएल के साथ मिलकर इंटरनेशनल ट्रैवल को संभव बनाने वाली इस टेक्नोलॉजी की उपयोगिता और विस्तार की क्षमता का प्रदर्शन किया है। यह पूरी तरह से लागू करने की दिशा में एक अहम कदम है और डिजिटल ट्रैवल के अगले चरण की शुरुआत करता है।

इंडिगो के चीफ डिजिटल और इंफॉर्मेशन ऑफिसर नीतन चोपड़ा ने कहा कि इंडिगो में हम इनोवेशन और ग्राहक-केंद्रित समाधानों के जरिए ट्रैवल के भविष्य को आकार देने के लिए प्रतिबद्ध हैं। ये सफल टेक्निकल ट्रायल डिजिटल पहचान और बायोमेट्रिक टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल करके एयरपोर्ट पर बिना किसी रुकावट और कॉन्टैक्टलेस अनुभव देने की संभावना और विस्तार की क्षमता को साफ तौर पर दिखाते हैं। हमें आईएटीए, डिजी यात्रा और बीआईएएल के साथ मिलकर इस पहल को सिर्फ एक विचार के स्तर से आगे ले जाने में खुशी हो रही है और हम उम्मीद करते हैं कि ग्लोबल हवाई यात्रा के विकास में यह एक अहम भूमिका निभाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Powered By Sangraha 9.0