मप्र के उज्जैन में 70 फीट गहरे बोरवेल में गिरा तीन साल का बच्चा, रेस्क्यू जारी

युगवार्ता    09-Apr-2026
Total Views |
रेस्क्यू टीम मौके पर राहत एवं बचाव कार्य में जुटी


रेस्क्यू टीम मौके पर राहत एवं बचाव कार्य में जुटी


भोपाल, 09 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन जिला मुख्यालय से करीब 75 किमी दूर बड़नगर के पास ग्राम झालरिया में गुरुवार की रात एक तीन साल का मासूम बच्चा बोरवेल में गिर गया है। सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया है।

जानकारी के अनुसार, राजस्थान के पाली जिले का परिवार भेड़ चराने के लिए उज्जैन जिले के ग्राम झालरिया आया हुआ है। गुरुवार रात करीब आठ बजे परिवार का एक तीन साल का बच्चा बोरवेल के खुले गड्ढे में गिर गया। बताया जा रहा है कि बच्चा करीब 70 फीट गहराई में फंसा हुआ है।

सूचना मिलते ही एसडीआरएफ समेत रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंच गई है। राहत-बचाव कार्य जारी है। बोरवेल में कैमरा डालकर बच्चे की लगातार निगरानी की जा रही है और उससे संपर्क बनाने की कोशिश की जा रही है। स्थानीय ग्रामीण भी रेस्क्यू ऑपरेशन में सहयोग कर रहे हैं।

बड़नगर थाना प्रभारी अशोक कुमार पाटीदार ने बताया कि बोरवेल में गिरने वाला 3 वर्षीय मासूम भागीरथ पुत्र प्रवीण देवासी ग्राम गुडानला, जिला पाली (राजस्थान) का रहने वाला है। परिवार पिछले तीन दिनों से क्षेत्र में भेड़ चराने के लिए रुका हुआ था। इसी दौरान बच्चा खेलते-खेलते पलदूना रोड स्थित खुले बोरवेल के गड्ढे में गिर गया। गुरुवार रात करीब आठ बजे बच्चे की मां ने उसे बोरवेल में गिरते हुए देखा और दौड़कर उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक बच्चा गहराई में समा चुका था।

इधर, घटना की जानकारी मिलते ही उज्जैन कलेक्टर रौशन सिंह और पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा भी मौके के लिए रवाना हो गए हैं। एसडीएम धीरेन्द्र पाराशर, एसडीओपी एम.एस. परमार और बड़नगर पुलिस का अमला घटनास्थल पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया है। कलेक्टर सिंह ने बताया कि बच्चे का नाम भागीरथ पुत्र प्रवीण देवासी निवासी गुड़ानला (जिला पाली, राजस्थान) है। बच्चे को सकुशल बाहर निकालने के लिए टीम जुटी हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Tags