राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति वित्त एवं विकास निगम का स्थापना दिवस कल

09 Apr 2026 15:41:53
राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति वित्त एवं विकास निगम


नई दिल्ली, 09 अप्रैल (हि.स.)। राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति वित्त एवं विकास निगम शुक्रवार को अपना 25वां स्थापना दिवस मनाएगा। जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओराम इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि होंगे। इस अवसर पर राज्यमंत्री दुर्गा दास उइके और जनजातीय कार्य मंत्रालय की सचिव रंजना चोपड़ा भी उपस्थित रहेंगी।

यह कार्यक्रम नई दिल्ली के विश्व युवा केंद्र में आयोजित किया जाएगा।

जनजातीय मंत्रालय ने गुरुवार को एक बयान में कहा ति राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति वित्त एवं विकास निगम की

साल 2001 में स्थापना की गई थी। यह जनजातीय समुदायों के आर्थिक विकास के लिए कार्य करने वाला एक प्रमुख सरकारी उपक्रम है। यह संस्था राज्य चैनलाइजिंग एजेंसियों के माध्यम से रियायती वित्तीय सहायता प्रदान कर विभिन्न आय-सृजन गतिविधियों को बढ़ावा देती है।

इस समारोह के दौरान देशभर के सफल अनुसूचित जनजाति उद्यमियों को सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने निगम की योजनाओं के तहत वित्तीय सहायता प्राप्त कर अपने व्यवसाय स्थापित किए हैं। ये उद्यमी पारंपरिक भोजन, स्वास्थ्य सेवाएं, पोल्ट्री, डेयरी, हस्तशिल्प, मत्स्य पालन, खुदरा व्यापार और सिलाई जैसे विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत हैं।

कार्यक्रम में जनजातीय संस्कृति को दर्शाते हुए सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी होंगी, जिनमें पारंपरिक नृत्य और नुक्कड़ नाटक शामिल हैं।

निगम के 25 वर्षों की जनजातीय सशक्तीकरण एवं समावेशी विकास की यात्रा का जश्न में अधिकारी भी भाग लेंगे।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

Powered By Sangraha 9.0