नए एशियन गेम्स क्रिकेट स्टेडियम में टी20 वर्ल्ड कप क्वालीफायर की मेजबानी करेगा जापान

09 Apr 2026 10:00:53
जापान क्रिकेट टीम


टोक्यो/नागोया, 09 अप्रैल (हि.स.)।

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने घोषणा की है कि जापान में एशियन गेम्स के लिए बनाए गए नए क्रिकेट स्टेडियम में अगले महीने पहली बार पुरुष टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले जाएंगे।

बेसबॉल के लिए प्रसिद्ध जापान इस साल एशियन गेम्स 2026 की मेजबानी कर रहा है, जो 19 सितंबर से 4 अक्टूबर तक नागोया और ऐची क्षेत्र में आयोजित होंगे। इसी के लिए तैयार किया गया नया क्रिकेट मैदान अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी शुरुआत करेगा।

नागोया के पास निशिन में स्थित यह स्टेडियम 8 से 18 मई के बीच 2028 पुरुष टी20 वर्ल्ड कप के ईस्ट एशिया-पैसिफिक क्वालीफायर मुकाबलों की मेजबानी करेगा। यह अब तक का सबसे बड़ा ईस्ट एशिया-पैसिफिक क्वालीफाइंग टूर्नामेंट होगा, जिसमें नौ टीमें भाग लेंगी।

इस टूर्नामेंट के जरिए टीमें ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड में होने वाले टी20 वर्ल्ड कप के लिए अपनी दावेदारी मजबूत करेंगी। कुछ मुकाबले टोक्यो से करीब 100 किलोमीटर दूर सानो स्थित जापान क्रिकेट एसोसिएशन के मुख्यालय में भी खेले जाएंगे।

जापान क्रिकेट एसोसिएशन के मुख्य संचालन अधिकारी एलन कर ने कहा कि यह जापान के लिए एक बड़ा अवसर है, जिससे वह बहु-स्थानों पर अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट आयोजित करने की अपनी क्षमता दिखा सकता है। उन्होंने भरोसा जताया कि यह आयोजन ईएपी क्षेत्र की सर्वश्रेष्ठ टीमों को मंच देने के साथ-साथ एशियन गेम्स से पहले क्रिकेट को लेकर उत्साह भी बढ़ाएगा।

इस क्वालीफायर में मेजबान जापान के अलावा कुक आइलैंड्स, फिजी, इंडोनेशिया, पापुआ न्यू गिनी, फिलीपींस, दक्षिण कोरिया, समोआ और वनुआतु की टीमें हिस्सा लेंगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Powered By Sangraha 9.0