आसनसोल, 01 मई (हि.स.)। विधानसभा चुनाव के परिणाम घोषित होने से पहले संगठनात्मक तैयारियों को मजबूत करने के लिए मालदा में भाजपा की अहम बैठक आयोजित की गई। शुक्रवार को जिले के एक निजी सभास्थल पर हुई इस बैठक में पार्टी के केंद्रीय नेता और बिहार के मंत्री मंगल पांडे एवं भाजपा नेता सुनील बंसल, भूपेंद्र यादव सहित अन्य भाजपा नेता मौजूद रहे।
पार्टी सूत्रों के अनुसार मतगणना को ध्यान में रखते हुए बूथ स्तर से लेकर जिला स्तर तक कार्यकर्ताओं को सक्रिय रखने के लिए कई निर्देश दिए गए। खास तौर पर मतगणना के दिन स्ट्रॉन्ग रूम की सुरक्षा, एजेंटों की भूमिका और संभावित परिणाम के बाद की स्थिति से निपटने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में नेताओं ने कार्यकर्ताओं से कहा कि मतगणना के दिन हर बूथ पर सतर्क रहें और पार्टी के पक्ष में अधिकतम निगरानी सुनिश्चित करें। साथ ही, परिणाम चाहे जो भी हो, शांति बनाए रखने का संदेश भी दिया गया।
इस बैठक में मालदा जिले के विभिन्न इलाकों से भाजपा के नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। मतगणना से पहले हुई इस बैठक को लेकर जिले के राजनीतिक माहौल में हलचल तेज हो गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा