
नई दिल्ली, 01 मई (हि.स.)। आगामी जुलाई में होने जा रहे भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता के तहत महिला कार्य समूह की बैठक की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को महिला एवं बाल विकास मंत्रालय ने पहली बैठक की। इसमें महिलाओं के नेतृत्व वाले विकास पर जोर दिया गया।
ब्रिक्स महिला कार्य समूह की पहली तैयारी बैठक वर्चुअल माध्यम से आयोजित की।
बैठक में ब्रिक्स देशों के प्रतिनिधियों के साथ भारत सरकार के विभिन्न मंत्रालयों और विभागों के प्रमुख अधिकारियों ने भाग लिया। यूएन वूमेन और फिक्की जैसे साझेदार भी इसमें शामिल रहे। बैठक की अध्यक्षता मंत्रालय की अतिरिक्त सचिव कैरालिन खोंगवार देशमुख ने की। उन्होंने सभी प्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए चर्चा की रूपरेखा प्रस्तुत की।
मंत्रालय ने शुक्रवार को एक बयान में बताया कि भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता की थीम ‘लचीलापन, नवाचार, सहयोग और सततता के लिए निर्माण’ के अनुरूप बैठक में महिलाओं से जुड़े वैश्विक मुद्दों पर गहन चर्चा हुई। चार प्रमुख क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया गया- शासन और नेतृत्व में महिलाओं की भागीदारी, वित्तीय एवं डिजिटल समावेशन, महिला उद्यमिता एवं कौशल विकास तथा जलवायु कार्रवाई, खाद्य सुरक्षा और पोषण में महिलाओं की भूमिका।
बैठक में भारत ने महिलाओं को आर्थिक विकास, सुशासन और सामाजिक परिवर्तन का प्रमुख आधार मानते हुए महिला-नेतृत्व वाले विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। ब्रिक्स सदस्य देशों ने भारत की अध्यक्षता का स्वागत किया और प्रस्तावित प्राथमिकताओं का समर्थन करते हुए सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया।
उल्लेखनीय है कि बैठक में हुई चर्चाएं आगामी ब्रिक्स महिला कार्य समूह की बैठक (6–7 जुलाई 2026) और ब्रिक्स महिला मंत्रिस्तरीय बैठक (8–9 जुलाई 2026) के लिए मार्गदर्शक साबित होंगी, जो केरल के कोच्चि में आयोजित की जाएंगी।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी